नेशनल डिफेंस एकेडमी व नेवल एकेडमी की परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर उपायुक्त महेंद्र पाल ने यूपीएससी और परीक्षा ड्यूटी में लगे जिले अधिकारियों की बैठक ली
परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सीसीटीवी, जैमर व अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की
हिसार, 12 सितंबर। संघ लोक सेवा आयोग द्वारा रविवार को आयोजित की जाने वाली नेशनल डिफेंस एकेडमी व नेवल एकेडमी की परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर शनिवार को उपायुक्त महेंद्र पाल ने यूपीएससी और परीक्षा ड्यूटी में लगे जिले अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट, सेंटर सुपरिटेंडेंट व सुपरवाइजर की ड्यूटी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया समय पर पूर्ण कर ली जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली आपूर्ति सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी के अलावा अतिरिक्त जैमर लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी छात्र को केंद्र तक पहुंचने में परेशानी होने पर पुलिस हेल्पलाइन 112 व पीसीआर वैन द्वारा सहायता प्रदान की जाएगी। परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर धारा 163 के तहत जरूरी आदेश भी लागू कर दिए गए हैं।
बैठक में यूपीएससी से आए सेक्शन ऑफिसर वीर सिंह मीणा ने एनडीए परीक्षा के आयोजन से संबंधित दिशा-निर्देशों व तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में एनडीए परीक्षा के लिए कुल 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 1439 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। यूपीएससी ऑब्जर्वर हर्षित बंसल द्वारा परीक्षा व्यवस्थाओं को जरूरी जानकारी साझा की गई। परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 011-23382703 व 011-23381131 पर संपर्क किया जा सकता है। बैठक के उपरांत उपायुक्त महेंद्र पाल ने सीटीएम रोहित कुमार के साथ परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सीसीटीवी, जैमर व अन्य प्रबंधों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर एएसपी मयंक मुदगिल, सीटीएम रोहित कुमार, सीईओ जिला परिषद सुभाष चंद्र, यूपीएससी से असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर गौतम गंभीर, जिला शिक्षा अधिकारी रामरतन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
फ़ोटो कैप्शन: परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में दिशा निर्देश देते तथा बैठक उपरांत परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते उपायुक्त महेंद्र पाल
Uklana, Hissar | Sep 12, 2026