पंचकूला में सुरक्षित सफर की दिशा में पुलिस कमिश्नर पंकज नैन की बड़ी पहल: ऑटो व ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन कर जारी किए 4,250 यूनिक पहचान स्टीकर
पंचकूला में यात्रियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था होगी और अधिक सुदृढ़: पुलिस कमिश्नर पंकज नैन
पंचकूला/ 11 सितंबर:- पंचकूला पुलिस द्वारा जिले में सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से एक विशेष सत्यापन एवं पहचान अभियान चलाया जा रहा है। जुलाई माह के मध्य में पुलिस कमिश्नर पंकज द्वारा शुरू किए गए इस अभियान के तहत जिले में संचालित सभी ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा का व्यापक सत्यापन कर उन्हें विभागीय यूनिक पहचान स्टीकर आवंटित किए जा रहे हैं। अभियान को सुचारू रूप से लागू करने के लिए एसीपी ट्रैफिक सुरेन्द्र सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि जिले में पंजीकृत सभी ऑटो और ई-रिक्शा का डेटा प्राप्त कर चरणबद्ध तरीके से सत्यापन कार्य किया जा रहा है। पूर्व में सत्यापित वाहनों सहित अब तक कुल 4,250 ऑटो व ई-रिक्शा पर यूनिक पहचान स्टीकर लगाए जा चुके हैं। वाहन के आगे और पीछे स्पष्ट रूप से चिपकाए गए इस स्टीकर पर वाहन पंजीकरण संख्या, चालक का आईडी कोड, निर्धारित रूट/जोन तथा विभागीय यूनिक नंबर दर्ज है। यह स्टीकर वाहन के आधिकारिक सत्यापन का प्रमाण है, जिससे पुलिस और आम नागरिक आसानी से किसी भी वाहन की पहचान कर सकेंगे और अवैध रूप से चल रहे वाहनों पर नकेल कसी जा सकेगी। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में चालकों को जागरूक भी किया।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन: सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा और पारदर्शिता किसी भी आधुनिक शहर की कानून-व्यवस्था की रीढ़ होती है। पंचकूला में दैनिक आवागमन के लिए ऑटो और ई-रिक्शा एक प्रमुख साधन हैं, ऐसे में यात्रियों विशेषकर महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की संपूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस यूनिक पहचान स्टीकर व्यवस्था से न केवल असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा सकेगी और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि यातायात प्रबंधन भी अधिक जवाबदेह और सुव्यवस्थित बनेगा। अनधिकृत चालकों और अवैध वाहनों की पहचान तुरंत होने से आम जनता का पुलिस व परिवहन प्रणाली पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
पंचकूला पुलिस ने अभी तक सत्यापन न कराने वाले सभी ऑटो व ई-रिक्शा चालकों से अपील की है कि वे इस सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और समय पर सत्यापन पूर्ण कराकर विभागीय यूनिक पहचान स्टीकर अवश्य प्राप्त करें।
Uklana, Hissar | Sep 11, 2026