नशे के खिलाफ हांसी पुलिस का अभियान जारी, शेखपुरा चौकी पुलिस ने डॉग स्क्वायड के साथ गांव जमवाड़ी में चलाया सर्च अभियान
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री विनोद कुमार आईपीएस के मार्गदर्शन में नशे के खिलाफ लगातार की जा रही कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री विनोद कुमार आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में हांसी पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी शेखपुरा की टीम ने डॉग स्क्वायड के साथ गांव जमवाड़ी में सर्च अभियान चलाया।
सर्च अभियान के दौरान पुलिस टीम ने गांव में विभिन्न स्थानों पर जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ नशे के खिलाफ आमजन को भी जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि गांव या आसपास के क्षेत्र में कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की बिक्री या सप्लाई करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान को गोपनीय रखा जाएगा।
मामले की जानकारी देते हुए सहायक उप निरीक्षक सत्यवान ने बताया कि हांसी पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा समय-समय पर डॉग स्क्वायड के साथ गांवों एवं संदिग्ध स्थानों पर सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं। नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Uklana, Hissar | Sep 11, 2026