ग्वालियर थाने में भिड़े दो गुट: पुलिस के सामने मारपीट, 5 मामलों के आरोपी ब्लैकी को जेल...
ग्वालियर थाना परिसर में पुरानी रंजिश को लेकर दो विरोधी पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। शिकायत दर्ज कराने पहुंचे कुलदीप सिकरवार और विकास उर्फ ब्लैकी कुशवाह का थाने के अंदर आमना-सामना हुआ तो दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति संभाली। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के रिकॉर्ड खंगाले, जिसमें विकास के खिलाफ हत्या के प्रयास, चोरी, जुआ और मारपीट समेत पांच आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई। जांच में यह भी पता चला कि वर्ष 2021 के एक पुराने मामले में उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी था। कुलदीप की शिकायत पर गाली-गलौज और धमकी देने का नया मामला दर्ज कर पुलिस ने पुराने वारंट पर भी कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।