ग्वालियर में संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव, आक्रोशित परिजनों ने किया चक्काजाम...
ग्वालियर के माधवगंज इलाके में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में तनाव फैल गया। बताया जा रहा है कि युवक दोपहर में किसी का फोन आने के बाद घर से निकला था, लेकिन देर रात उसकी लाश बरामद हुई और पास ही एक शराब दुकान के नजदीक उसकी बाइक खड़ी मिली। परिजनों ने आखिरी कॉल करने वाले संदिग्ध शख्स पर हत्या का अंदेशा जताते हुए पुलिस की सुस्त कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की और 'बेटी बचाओ चौराहे' पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया। मौके पर भारी पुलिस बल ने स्थिति को संभाला और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है; फिलहाल पुलिस कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है।