रामदयालु सिंह महाविद्यालय में धूमधाम से मना स्मृति दिवस, पांच शिक्षकों को मिला यंग रिसर्चर अवार्ड
कुलपति डॉ. दिनेश चंद्र राय ने किया रामदयालु बाबू स्मारक स्थल एवं साइकिल स्टैंड का उद्घाटन, बोले—संस्थापकों के आदर्शों को जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि
रामदयालु सिंह महाविद्यालय में शनिवार को महाविद्यालय के संस्थापक रामदयालु बाबू का स्मृति दिवस समारोहपूर्वक एवं धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बीआर अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. दिनेश चंद्र राय, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार एवं मुख्य वक्ता प्रो. अरुण कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से रामदयालु बाबू स्मारक स्थल एवं नवनिर्मित साइकिल स्टैंड का उद्घाटन किया। समारोह में महाविद्यालय के पांच शिक्षकों डॉ. राजेश कुमार, डॉ. सौरभ राज, डॉ. भगवान कुमार, डॉ. प्रियंका दीक्षित एवं डॉ. प्रेमलता को उनके अकादमिक एवं शोध कार्यों के लिए यंग रिसर्चर अवार्ड से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्मारक स्थल पर शहीदों को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलन, कुलगीत एवं स्वागत गान प्रस्तुत किया गया। समारोह में राष्ट्रगान भी गाया गया। प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार ने आगत अतिथियों का अंगवस्त्र एवं सम्मान पट्ट प्रदान कर स्वागत किया।
अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति डॉ. दिनेश चंद्र राय ने कहा कि रामदयालु सिंह महाविद्यालय का इतिहास गौरवशाली रहा है। यह संस्थान केवल शिक्षा प्रदान करने वाला केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, राष्ट्र निर्माण और शैक्षणिक मूल्यों की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। रामदयालु बाबू जैसे महान संस्थापकों ने जिन आदर्शों, संकल्पों और कर्तव्यों के साथ इस संस्थान की नींव रखी, उन्हें आत्मसात करना आज की पीढ़ी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की वास्तविक पहचान उसकी उपलब्धियों के साथ-साथ उसके संस्कार, अनुशासन और समाज के प्रति प्रतिबद्धता से होती है।
Musahri, Muzaffarpur | Nov 28, 2026