Public App Logo
जिलाधिकारी के गोद लिए विद्यालय में बारिश से जलभराव, बच्चों की परेशानी बढ़ी . #हरदोई: सरकार की मंशा के अनुरूप परिषदीय विद्यालयों को बेहतर बनाने और शिक्षा व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन स्तर से विद्यालयों को गोद लेकर उनके कायाकल्प पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी हरदोई अनुनय झा द्वारा गोद लिए गए बेनीगंज के मुख्य बस स्टॉप स्थित संविलियन विद्यालय में शुक्रवार की भोर हुई बारिश के बाद विद्यालय परिसर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश का पानी विद्यालय के उस प्रांगण में जमा हो गया, जहां मध्याह्न भोजन (लंच) के दौरान छात्र-छात्राएं चहल-कदमी करने के साथ ही खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में भाग लेते हैं। परिसर में पानी भर जाने से बच्चों के लिए विद्यालय के खुले प्रांगण का उपयोग प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि जिलाधिकारी द्वारा गोद लिए गए विद्यालय में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था होना आवश्यक है, ताकि मामूली बारिश के बाद भी परिसर में जलभराव की स्थिति न बने। विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा और स्वच्छ वातावरण को देखते हुए जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान किए जाने की जरूरत है। स्थानीय नागरिकों ने कैमरे पर ना आकर संबंधित विभाग एवं प्रशासन से विद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या का निरीक्षण कराकर आवश्यक कदम उठाए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि विद्यालयों के कायाकल्प और बेहतर शैक्षिक वातावरण के लिए किए जा रहे प्रयास तभी सार्थक होंगे, जब मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था भी दुरुस्त हो। #रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज - Hardoi News