
बेनीगंज में जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद, जेसीबी चालक घायल, फायरिंग के आरोप से पुलिस का इनकार . #हरदोई: बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पट्टी नयागांव में मंगलवार को भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर जमकर हंगामा हुआ, जिसमें जेसीबी चालक घायल हो गया। वहीं एक पक्ष ने कई राउंड फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने गोली चलने की घटना से साफ इनकार किया है। पट्टी नयागांव निवासी कपिल अवस्थी व अवनीश अवस्थी पुत्रगण इंद्रसेन अवस्थी ने बताया कि ग्राम नयागांव स्थित एक भूमि वर्ष 2014 से उनके परिवार के कब्जे में है। उनके अनुसार उक्त भूमि का बैनामा उनकी पारिवारिक सदस्य कुसुमा देवी के नाम नयागांव निवासी रामसेवक से कराया गया था। उनका कहना है कि उसी भूमि पर विपक्षी पक्ष द्वारा दीवार का निर्माण कराया जा रहा था, जिसका उन्होंने विरोध किया। इंद्रसेन अवस्थी के अनुसार भूमि की साफ-सफाई कराने के उद्देश्य से उन्होंने मौके पर जेसीबी मशीन बुलाई थी। आरोप है कि जैसे ही जेसीबी कार्य शुरू करने पहुंची, तभी विपक्षी पक्ष के लोगों ने ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। इस दौरान मिश्रिख थाना क्षेत्र के भिठौली गांव निवासी जेसीबी चालक शरद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को उपचार के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। घटना को लेकर इंद्रसेन अवस्थी ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान विपक्षी पक्ष ने कई राउंड फायरिंग भी की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि बेनीगंज पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार करते हुए कहा कि मौके पर गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है। जहां विपक्षियों की माने तो उनके अनुसार जहां पर वह दीवार खड़ी कर रहे थे वह उनके स्वयं की भूमि है जिसका किसी से किसी प्रकार का कोई वास्ता नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सूचना मिलते ही प्रताप नगर पुलिस चौकी प्रभारी दीपक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो लोगों को मौके से हिरासत में ले लिया, जिससे तनावपूर्ण माहौल पर काबू पाया जा सका। घटना के बाद गांव में कुछ समय तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा दोनों पक्षों के दावों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई किए जाने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। #रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज 094512 76006
Hardoi, Hardoi | Jul 28, 2026

बालामऊ सीट पर सपा से दावेदारी मजबूत, टिकट मिला तो ऐतिहासिक जीत तय : छत्रपाल छत्तर . #हरदोई: उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में हरदोई जिले की 160 बालामऊ विधानसभा सीट पर भी राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी से टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे वर्तमान संडीला क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य छत्रपाल 'छत्तर' ने (द टेलीकास्ट न्यूज़) से विशेष बातचीत में अपनी चुनावी तैयारियों, संगठन की रणनीति तथा प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर खुलकर अपनी बात रखी। छत्रपाल छत्तर ने कहा कि उन्होंने बीते लंबे समय से बालामऊ विधानसभा क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क किया है और संगठन के निर्देशों के अनुरूप पूरी तैयारी के साथ जनता के बीच सक्रिय हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी चुनावी तैयारियों में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है और अब केवल पार्टी के अंतिम निर्णय का इंतजार है। उनका विश्वास है कि समाजवादी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उन्हें टिकट देगा और यदि पार्टी ने उन पर भरोसा जताया तो वह बालामऊ विधानसभा सीट पर पूर्ण बहुमत से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि बालामऊ विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव में सभी वर्गों के लोगों का उन्हें भरपूर स्नेह, समर्थन और विश्वास प्राप्त है। जनता लगातार उनके संपर्क में है और क्षेत्र के विकास को लेकर उनसे उम्मीदें लगाए बैठी है। छत्रपाल छत्तर ने कहा कि यदि पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी नेतृत्व ने उन्हें उम्मीदवार बनाया होता तो परिणाम अलग होते और वह विधायक बनकर क्षेत्र की सेवा करते। उनका कहना था कि वर्ष 2027 के चुनाव में उनकी दावेदारी पहले से कहीं अधिक मजबूत है तथा उन्हें पूरा विश्वास है कि पार्टी उन्हें उम्मीदवार बनाएगी। साक्षात्कार के दौरान उन्होंने कहा कि वह केवल राजनीति नहीं, बल्कि जनता की सेवा को अपना उद्देश्य मानते हैं। उनके अनुसार वर्षों से क्षेत्र में रहकर लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनने का परिणाम है कि आज हर वर्ग का व्यक्ति उनके साथ खड़ा दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि जनता का यही विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है और यही उन्हें चुनाव मैदान में मजबूती प्रदान करेगा। राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर भी छत्रपाल छत्तर ने अपनी राय रखी। जंतर-मंतर पर युवाओं के आंदोलन, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं तथा शिक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। उनका आरोप था कि लगातार सामने आई पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, लेकिन सरकार समय रहते प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है और बेरोजगार युवाओं में निराशा बढ़ी है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाया है। उनके अनुसार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है और भविष्य में भी करती रहेगी। प्रदेश के विकास कार्यों पर सवाल पूछे जाने पर छत्रपाल छत्तर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, जबकि जमीनी स्तर पर सड़क, शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को विकास के नाम पर केवल वादे मिले हैं। उनका कहना था कि वर्ष 2027 में यदि समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और गांव, किसान, युवा, व्यापारी तथा गरीब वर्ग को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। बातचीत के अंत में छत्रपाल छत्तर ने एक बार फिर विश्वास जताया कि समाजवादी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उनकी सक्रियता, जनाधार और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें बालामऊ विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाएगा। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें यह जिम्मेदारी मिलती है तो वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ पार्टी की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करेंगे। #रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Jul 26, 2026

बेनीगंज में दशकों पुरानी जलभराव की समस्या के समाधान की ओर बड़ा कदम, अंतिम चरण में पहुंचा लाखों की लागत से नाला निर्माण कार्य . #हरदोई: नगर पंचायत बेनीगंज में वर्षों से बरसात और घरों से निकलने वाले गंदे पानी के जलभराव से जूझ रहे लोगों को अब बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है। दशकों से चली आ रही इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर पंचायत द्वारा बड़े पैमाने पर कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य को अब अंतिम रूप दिया जा रहा है। नगरवासियों का मानना है कि यह योजना पूरी होने के बाद हर वर्ष होने वाले जलभराव से काफी हद तक निजात मिलेगी। नगर के बीचों-बीच स्थित अहिरन पासी टोला में बरसात के दौरान लंबे समय से जलभराव की स्थिति बनी रहती थी। गंदे पानी के ठहराव से मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता था, जिससे डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता था। साथ ही लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो जाता था और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित होता था। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत ने अमरगंज सड़क मार्ग पर बनी पुलिया तक लाखों रुपये की लागत से नाला निर्माण कार्य कराया है। इसके साथ ही पूर्व से मौजूद बड़े तालाबों की ओर गंदे पानी की निकासी का रास्ता भी सुचारू कर दिया गया है। अब नगर का पानी अमरगंज मार्ग से होते हुए आगे गोमती नदी तक पहुंच सकेगा, जिससे नगर में पानी रुकने की समस्या काफी हद तक समाप्त होने की उम्मीद है। निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे नगर के लिए ऐतिहासिक पहल बताया। ग्रामीणों और नगरवासियों ने कहा कि वर्षों से जिस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा था, उस दिशा में अब प्रभावी कार्य होता दिखाई दे रहा है। लोगों ने नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रूपेश अंजाना की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जनसमस्याओं को प्राथमिकता देकर नगरहित में सराहनीय कदम उठाया है। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रूपेश अंजाना ने कहा कि "नगरवासियों की समस्याएं हमारे लिए सर्वोपरि हैं। जलभराव की समस्या वर्षों पुरानी थी, इसलिए इसे प्राथमिकता के आधार पर हल किया गया है। नगर पंचायत द्वारा लाखों रुपये की लागत से नाला निर्माण कराया गया है, जिससे बरसात के दौरान नगर में पानी का जमाव नहीं होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। भविष्य में भी नगर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जाते रहेंगे।" नगरवासियों का मानना है कि यदि नाला व्यवस्था का नियमित रखरखाव किया जाता रहा, तो बेनीगंज में जलभराव की समस्या अतीत की बात बन सकती है। लंबे समय बाद नगर में इस तरह के ठोस प्रयास से लोगों में खुशी और संतोष का माहौल है। #रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Jul 24, 2026

जातिसूचक टिप्पणियों पर सख्त कार्रवाई की मांग, सुभासपा ने सीएम को भेजा ज्ञापन हरदोई, 23 जुलाई। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित एवं अतिदलित समाज के सम्मान, स्वाभिमान और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जातिसूचक टिप्पणियों, सामाजिक उत्पीड़न, अवैध कब्जों और सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे जातीय वैमनस्य पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई। सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुनील अर्कवंशी ने कहा कि वर्तमान समय में वंचित समाज के अधिकारों की आवाज उठाने वाले नेताओं और नागरिकों के खिलाफ राजनीतिक स्वार्थवश अभद्र एवं जातिसूचक भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के इशारे पर नेताओं और समर्थकों द्वारा वंचित वर्गों के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। उन्होंने हाल ही में शिवपाल यादव द्वारा कथित रूप से 'छोटी जाति' और 'नीच जाति' जैसे शब्दों के प्रयोग पर भी कड़ी आपत्ति जताई। ज्ञापन में मांग की गई कि जातिसूचक एवं भेदभावपूर्ण टिप्पणी करने वालों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही गरीबों और वंचितों की जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों, सोशल मीडिया पर जातीय वैमनस्य फैलाने वालों तथा राजनीतिक दबाव में शिकायतों को दबाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिला स्तर पर वंचित वर्गों की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था बनाने और जातिवादी मानसिकता के विरुद्ध व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की भी मांग उठाई गई। #रिपोर्ट: अखिल सिंह चंदेल | द टेलीकास्ट न्यूज़
Hardoi, Hardoi | Jul 23, 2026

सुरक्षाकर्मियों ने रोका, डिप्टी सीएम ने अपनाया— एक तस्वीर ने जीत लिया हर दिल . #हरदोई। अमर शहीद मेजर पंकज पाण्डेय की प्रतिमा अनावरण समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का मानवीय और सहज व्यवहार लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। शौर्य को नमन करने 22 जुलाई को हरदोई पहुंचे डिप्टी सीएम कार्यक्रम स्थल पर मंच की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान एक नवयुवक उनके साथ सेल्फी और फोटो खिंचवाने का प्रयास कर रहा था। सुरक्षा में तैनात कर्मी उसे हटाने के लिए धक्का देकर पीछे कर रहे थे। तभी डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की नजर उस नवयुवक पर पड़ी। उन्होंने तुरंत सुरक्षाकर्मियों को रोकते हुए नवयुवक को अपने पास बुलाया, उसे गले लगाया और सम्मानपूर्वक उसके साथ फोटो खिंचवाई। इसके बाद ही वह कार्यक्रम की ओर आगे बढ़े। डिप्टी सीएम के इस सहज और आत्मीय व्यवहार को देखकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनकी जमकर सराहना की। उपस्थित लोगों ने इसे जनप्रतिनिधि की संवेदनशीलता और आम लोगों के प्रति आत्मीयता का उदाहरण बताया। #रिपोर्ट: H. Shyam Bajpai
Hardoi, Hardoi | Jul 23, 2026