हरदोई में आतिशबाजी स्थलों का निरीक्षण, सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
हरदोई। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय के आदेश के अनुपालन में गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चन्द्र ने पुलिस क्षेत्राधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तथा संबंधित थाना प्रभारियों के साथ आतिशबाजी बिक्री स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने 26 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी कर नगर मजिस्ट्रेट, संबंधित उपजिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को संयुक्त रूप से निरीक्षण कर आतिशबाजी बिक्री के लिए उपयुक्त स्थलों को चिह्नित करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी सदर ने रामलीला मैदान बावन और दयानंद डिग्री कॉलेज मैदान सुरसा का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी हरदोई, थाना प्रभारी लोनार और थाना प्रभारी सुरसा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज टड़ियावां और नखासा बाजार बघौली में आतिशबाजी बिक्री स्थलों के संबंध में थाना प्रभारी टड़ियावां और थाना प्रभारी बघौली को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर पालिका हरदोई क्षेत्र में नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार और पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा सीएसएन पीजी कॉलेज हरदोई तथा आईटीआई मैदान को आतिशबाजी बिक्री स्थलों के रूप में चिह्नित करने की प्रक्रिया की जा रही है।
प्रशासन की ओर से तहसील सदर ग्रामीण क्षेत्र में रामलीला मैदान बावन, दयानंद डिग्री कॉलेज मैदान सुरसा, राजकीय इंटर कॉलेज टड़ियावां और नखासा बाजार बघौली को आतिशबाजी केंद्रों के लिए चिह्नित किया गया है।
प्रशासन, पुलिस विभाग और मुख्य अग्निशमन अधिकारी की ओर से संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का पालन कराने, शांति व्यवस्था बनाए रखने और जारी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
Bilgram, Hardoi | Oct 30, 2026