मल्लावां में 20 फीट गहरे कुएं में गिरा सांड, साढ़े चार घंटे के रेस्क्यू के बाद सुरक्षित निकाला
हरदोई। मल्लावां थाना क्षेत्र के जमलापुर गांव में शुक्रवार शाम करीब 7 बजे एक सांड पैर फिसलने से 20 फीट गहरे कुएं में गिर गया। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। कुएं की गहराई अधिक होने के कारण सांड का खुद बाहर निकल पाना मुश्किल था। सूचना मिलने पर मल्लावां पुलिस, फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद रात 11:45 बजे सांड को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी। मामले की जानकारी पत्रकार सूरज तिवारी तक पहुंची तो उन्होंने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर गौ रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष अभय चौहान को इसकी जानकारी दी। साथ ही संबंधित अधिकारियों से बेजुबान को बचाने के लिए मदद मांगी।
सूचना मिलते ही मल्लावां थाने में तैनात उपनिरीक्षक महमूद आलम और कांस्टेबल हर्ष यादव सक्रिय हो गए। पुलिसकर्मियों ने फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर बुलाया। इसके बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने मिलकर सांड को कुएं से बाहर निकालने के लिए प्रयास शुरू किए।
रात के अंधेरे और कुएं की गहराई के चलते रेस्क्यू अभियान में काफी चुनौतियां आईं। इसके बावजूद सभी लोग लगातार सांड को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे रहे। आखिरकार रात करीब 11:45 बजे संयुक्त प्रयासों से सांड को कुएं से बाहर निकाल लिया गया।
सांड के सुरक्षित बाहर आने पर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने रेस्क्यू अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों और फायर ब्रिगेड टीम की सराहना की। इस दौरान उपनिरीक्षक महमूद आलम, कांस्टेबल हर्ष यादव, फायर ब्रिगेड कर्मियों और ग्रामीणों के सहयोग से एक बेजुबान की जान बच सकी।
Bilgram, Hardoi | Oct 31, 2026