हरदोई के 6.27 लाख से अधिक किसानों के खातों में पहुंची किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त
हरदोई। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से ऑनलाइन माध्यम से किसानों के खातों में अंतरित की। इस अवसर पर हरदोई जिले के 6,27,647 किसानों के बैंक खातों में कुल 125.604 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी गई।
किस्त जारी होने के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद की सभी ग्राम पंचायतों, विकासखंड मुख्यालयों, दोनों कृषि विज्ञान केंद्रों, किसान समृद्धि केंद्रों, मंडी स्थलों, कृषक उत्पादक संगठनों के कार्यालयों और उर्वरक प्रतिष्ठानों पर किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम बिलग्राम चुंगी स्थित कृषक सभागार, संभागीय कृषि परीक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र में आयोजित हुआ। इसका शुभारंभ जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की उपस्थिति में किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि किसान सम्मान निधि की धनराशि से किसानों को बीज, उर्वरक और अन्य कृषि निवेश खरीदने में मदद मिलती है। इससे खेती का काम समय से पूरा करने के साथ फसल उत्पादन और आय बढ़ाने में सहायता मिलती है। उन्होंने किसानों से जैविक खेती, गौ आधारित प्राकृतिक खेती और श्रीअन्न फसलों की खेती को बढ़ावा देने की अपील की। साथ ही सभी किसानों से फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराने का अनुरोध किया।
भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष संजय मिश्रा ने योजना को किसानों के लिए उपयोगी बताते हुए नारी सशक्तीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कृषि सखियों और ड्रोन दीदियों की ओर से कृषि क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
उप कृषि निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने पात्र किसानों से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री कराने पर भी जोर दिया। साथ ही कृषि यंत्रीकरण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, फसल सुरक्षा सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से उनका अधिकतम लाभ लेने को कहा।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक मौर्य, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चन्द्र पाठक, डॉ. निधि राठौर, भूमि संरक्षण अधिकारी द्वितीय हरदोई और जिला सूचना अधिकारी प्रशान्त अवस्थी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। विकासखंडों और कृषि विज्ञान केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, प्रगतिशील एवं पुरस्कृत किसान, कृषि सखियां, बैंक सखियां और ड्रोन दीदियों ने भी प्रतिभाग किया। जनपद के विभिन्न एफपीओ कार्यालयों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें उनसे जुड़े किसानों ने हिस्सा लिया।
Bilgram, Hardoi | Oct 30, 2026