*पीएम स्वनिधि एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से करें निस्तारण- डीएम*
*पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लंबित आवेदनों की शीघ्र स्वीकृति एवं ऋण वितरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*
*रायबरेली-19 नवम्बर 2026,*
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में डी०एल०आई०एम०सी०, डी०एल०बी०सी०, उद्योग एवं एम०एस०एम०ई० से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान सहित विभिन्न रोजगारपरक एवं स्वरोजगार योजनाओं की बैंकवार समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित बैंकर्स एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण करते हुए उन्हें शीघ्र स्वीकृत किया जाए तथा स्वीकृत ऋणराशि का समयबद्ध वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
उन्होंने बैंकर्स को निर्देश दिए कि योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा विभागीय अधिकारियों और बैंकों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए, साथ ही योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का प्रभावी निस्तारण किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पीएम स्वनिधि एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं छोटे व्यापारियों, युवाओं एवं नए उद्यमियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। अतः सभी संबंधित अधिकारी एवं बैंकर्स पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित कराएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) सुबोध मिश्रा, परियोजना निदेशक डूडा शशिकांत मल्होत्रा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ब्रजेश तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बैंकर्स उपस्थित रहे।