_*जनगणना-2027 के स्व-गणना अभियान में रायबरेली के जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता*_
_*अब तक 1,680 स्व-गणनाएं संपन्न*_
*रायबरेली- 19 नवम्बर 2026*
अपर जिलाधिकारी (वि०रा०)/ जिला जनगणना अधिकारी सहदेव मिश्र ने बताया है कि जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्व-गणना अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद रायबरेली में व्यापक स्तर पर जनसहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। पंचायती राज विभाग के अंतर्गत जनपद की 980 ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों, तत्कालीन ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत प्रशासकों एवं क्षेत्र पंचायत प्रमुखों तथा प्रशासकों द्वारा इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी की जा रही है।
अभियान के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वयं आगे आकर स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है। इस क्रम में ब्लॉक प्रमुखों एवं ग्राम प्रधानों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में नेतृत्व करते हुए स्व-गणना कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है। उनके द्वारा न केवल स्वयं स्व-गणना की जा रही है, बल्कि अन्य जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों को भी इस महत्वपूर्ण कार्य में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
*पंचायती राज विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रगति विवरण के अनुसार, जनपद में अब तक कुल 1,680 स्व-गणनाएं ग्राम प्रधानों एवं माननीय ब्लॉक प्रमुखों द्वारा स्वयं पूर्ण की जा चुकी हैं।* यह जनगणना-2027 के प्रति जनप्रतिनिधियों की सक्रियता, जागरूकता एवं जिम्मेदार सहभागिता को प्रदर्शित करता है।
इस अभियान में ब्लॉक प्रमुखों, ग्राम प्रधानों, तत्कालीन ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सहायकों द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है। पंचायत सहायकों द्वारा ग्राम स्तर पर स्व-गणना से संबंधित आवश्यक जानकारी, तकनीकी सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वयं इस प्रक्रिया में शामिल होकर आमजन के बीच जागरूकता का वातावरण तैयार किया जा रहा है।
स्व-गणना कार्य को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा आपसी समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इससे ग्राम पंचायत स्तर पर अभियान की प्रगति को गति मिल रही है तथा जनपद की समग्र प्रगति में भी सकारात्मक योगदान प्राप्त हो रहा है।
जनपद में इस अभियान को और अधिक गति प्रदान करने के लिए विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर निरंतर समन्वय एवं जनजागरूकता के प्रयास किए जा रहे हैं। उद्देश्य है कि जनगणना-2027 के अंतर्गत अधिक से अधिक लोग स्व-गणना की प्रक्रिया में स्वयं भागीदारी सुनिश्चित करें।