गाड़ी चालक द्वारा लापरवाही से वाहन चलाकर एक्सीडेंट में 2 वर्षीय बच्ची की मृत्यु के मामले में 1 आरोपी चालक काबू।
आरोपी के कब्जा से वारदात में प्रयुक्त 1 गाड़ी बरामद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 8 सितम्बर । 7 सितंबर की रात्रि को थाना सैक्टर-5, गुरुग्राम में अस्पताल से एक सूचना एक छोटी बच्ची के घायल होकर हस्पताल में भर्ती होने के संबंध में प्राप्त हुआ। प्राप्त सूचना पर सैक्टर 5, गुरूग्राम की पुलिस टीम अस्पताल पहुंची जहां पर बच्ची की मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्ची के पिता ने पुलिस टीम को शिकायत के माध्यम से बतलाया कि 7 सितंबर को रात्रि करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच वह अपने परिवार के साथ घर के सामने मौजूद था तथा उसकी 2 वर्षीय बेटी वहीं खेल रही थी। उसी दौरान एक गाड़ी चालक ने तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए बच्ची के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी जिसमें उसकी मृत्यु हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सैक्टर-5, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस थाना सैक्टर-5, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने उपरोक्त अभियोग में कार्यवाही करते हुए आज आरोपी को अभियोग में नियमानुसार शामिल अनुसंधान किया गया। आरोपी की पहचान जतिन (उम्र-31 वर्ष) निवासी पार्ट-6, सैक्टर-5, गुरुग्राम के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी घटना के समय अपने दोस्त के घर से वापस लौट रहा था। शिकायतकर्ता का मकान गली के कॉर्नर पर स्थित है, जहाँ बच्ची गली के कोने पर बैठी खेल रही थी। जब आरोपी मोड़ ले रहा था, तो ड्राइवर साइड पर कुछ स्पष्ट दिखाई न देने के कारण गाड़ी बच्ची के ऊपर से निकल गई।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जा से वारदात में प्रयुक्त 1 गाड़ी बरामद की गई है।
अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है। अभियोग अनुसंधानाधीन है।