नकदी फसलों से जुडी 42 महिलाएं, कर रहीं मिर्ची का उत्पादन
एनआरएलएम के सहयोग से 150 बीघा में लगाई गई मिर्ची
सेवा संकल्प अभियान- सेवा की कहानी
----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन एवं सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल के निर्देशन में श्योपुर जिले में एनआरएलएम अंतर्गत संचालित स्वसहायता समूह से जुडी महिलाओं द्वारा विभिन्न प्रकार की आजीविकामूलक गतिविधियों का संचालन करते हुए नये नवाचार भी किये जा रहे है, श्योपुर से 35 किलोमीटर दूर माधो का डेरा गांव की 42 महिलाओं ने परम्परागत फसलों को छोडकर नकदी फसल मिर्ची उत्पादन की दिशा में कदम बढाया जो लाभकारी साबित हो रहा है। एनआरएलएम के सहयोग से 4 स्वसहायता समूह की 42 महिलाओं द्वारा लगभग 150 बीघा भूमि में मिर्ची का उत्पादन किया जा रहा है।
स्वसहायता समूह से जुडी इन महिलाओं के परिवारों के पास थोडी-थोडी भूमि है, जिस पर परम्परागत फसलों के उत्पादन से उतनी आय नही हो पाती, जितनी कि परिवार को चलाने के लिए अपेक्षा रहती है। समूह से जुडी इन महिलाओं को एनआरएलएम द्वारा नकदी फसलों की ओर जोडने का कार्य किया गया और 4 स्वसहायता समूह गुरूनानक, डॉ अम्बेडकर, माता गुलाब देवी एवं गुरूनारायण से जुडी 42 महिलाओं को लगभग 18 लाख रूपये की सीसीएल राशि मिर्ची उत्पादन के लिए प्रदाय की गई, जिससे इन महिलाओं द्वारा बेहतर किस्म का बीज और खाद के साथ ही अन्य संसाधन जुटाये, सभी महिलाओं ने अपने-अपने खेतो में दो से लेकर 6 बीघा तक भूमि में एनआरएलएम के तकनीकी सहयोग से वैज्ञानिक पद्धति अपनाते हुए इसी साल मई में मिर्ची का बीज लगाया, ड्रिप के माध्यम से सिंचाई करने के लिए उद्यानिकी विभाग की योजना से अनुदान प्राप्त कर ड्रिप सिस्टम खरीदे गये। वर्तमान में सभी खेतो में मिर्ची की फसल लहलहा रही है, अभी मिर्ची की तुडाई भी शुरू हो गई है तथा पहली खेप जयपुर और दिल्ली की मंडी में भेजी गई है।
मिर्ची उत्पादक किसान श्रीमती सीमा बाई ने बताया कि उसके द्वारा 5 बीघा में मिर्ची लगाई गई, जिसकी तुडाई चालू हो गई है और बिकने के लिए जयपुर मंडी भेजी गई है, वे बताती है कि मिर्ची की तुडाई अप्रैल माह तक चलेगी और इस दौरान 12 बार तुडाई होगी, जिससे अच्छा मुनाफा होने की उम्मीद है। एक बीघा में खर्च निकालकर दो लाख रूपये तक की आमदनी होने का अनुमान है। इस प्रकार उन्हें 5 बीघा मिर्ची से 10 लाख रूपये का लाभ होगा।
एनआरएलएम के नोडल श्री अनुज विजयवर्गीय ने बताया कि कृषि सखियों के माध्यम से परम्परागत फसलों के स्थान पर छोटी जोत वाले किसानों को नकदी फसलों सब्जी उत्पादन से जोडने का कार्य किया जा रहा है। माधो का डेरा में 150 बीघा का मिर्ची कलस्टर बनाकर मिर्ची उत्पादन का कार्य किया जा रहा है।
एनआरएलएम के डीपीएम श्री सोहनकृष्ण मुदगल ने बताया कि शासन की मंशानुरूप किसानों की आय को दोगुना करने के उद्देश्य से नकदी फसलों के उत्पादन को बढावा देने के लिए समूह की महिलाओं को संसाधन उपलब्ध कराये जा रहे है, इसके साथ ही उद्यानिकी और मसाला फसलों के क्षेत्र में भी कार्य किया जा रहा है।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
NRLM
#JansamparkMP
#sheopur