#बालाघाट
प्रभावित ग्रामों में राहत एवं स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक अभियान जारी
बिरसा के प्रभावित ग्रामों में बीमारी की रोकथाम, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, पशु चिकित्सा एवं जनजातीय कार्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित ग्रामों में घर-घर पहुंचकर स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण एवं उपचार की कार्रवाई लगातार की जा रही है। अब तक 4 हजार 261 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिसमें 857 लोग विभिन्न बीमारियों से प्रभावित पाए गए। इनमें 230 मरीजों को अस्पताल में तथा 583 मरीजों को घर पर उपचार प्रदान किया गया। मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए 52 गांवों के 3 हजार 347 घरों में कीटनाशक छिड़काव किया गया। इसके साथ ही 63 ग्रामों में इंडोर एवं आउटडोर फॉगिंग तथा 5 हजार 288 स्थानों पर लार्वा सर्वे का कार्य किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बैहर विकासखंड के 6 ग्रामों के 20 तथा बिरसा विकासखंड के 16 ग्रामों के 33 आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई कराई गई। बैहर के 20 आंगनबाड़ी केंद्रों में 398 तथा बिरसा के 33 केंद्रों में 793 बच्चों को भोजन उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा बैहर के 11 आंगनबाड़ी केंद्रों के 76 तथा बिरसा विकासखंड के 33 केंद्रों से जुड़े 275 महिला एवं बच्चों को घर पहुंचकर भोजन वितरित किया गया। बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को टेक होम राशन भी उपलब्ध कराया गया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा बैहर विकासखंड के 2 ग्रामों में 2 स्थानों तथा बिरसा विकासखंड के एक ग्राम में एक स्थान पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया। बैहर के 3 ग्रामों में 7 तथा बिरसा के 2 ग्रामों में 7 जल स्रोतों का क्लोरीनेशन किया गया। साथ ही बैहर विकासखंड में 3 तथा बिरसा विकासखंड में एक खराब हैंडपंप का सुधार कार्य किया गया।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बैहर जनपद क्षेत्र के 5 ग्रामों में 7 स्थानों पर जल स्रोतों की सफाई कराई गई। वहीं बैहर के 2 तथा बिरसा के 3 ग्रामों में नालियों की सफाई कराई गई। बिरसा विकासखंड के 8 ग्रामों में 10 स्थानों पर डार्क स्पॉट की सफाई भी की गई। खाद्य विभाग द्वारा ‘राशन आपके द्वार’ योजना एवं शासकीय उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से बैहर विकासखंड के 2 ग्रामों के 23 परिवारों तथा बिरसा विकासखंड के एक ग्राम के 20 परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया। पशु चिकित्सा विभाग द्वारा बैहर विकासखंड के 2 ग्रामों में 52 पशुओं की जांच कर उनका एचएसबीक्यू टीकाकरण किया गया। वहीं बिरसा विकासखंड के एक ग्राम में 7 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
जनजातीय कार्य विभाग द्वारा बैहर विकासखंड के 26 छात्रावासों एवं 6 आश्रमों तथा बिरसा विकासखंड के 32 छात्रावासों एवं 8 आश्रमों में साफ-सफाई का कार्य किया गया। प्रभावित क्षेत्रों में बच्चों एवं महिलाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित रूप से हाथ धोने, साफ कपड़े पहनने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। लोगों को घर एवं आसपास के परिसर को साफ रखने तथा मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने की सलाह दी जा रही है। जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, पेयजल एवं आवश्यक राहत सेवाएं उपलब्ध कराने में जुटी हुई हैं।
#ayush_mp #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #WelfareTribal #healthminmp #minphemp #minprdd #mp_husbandry