#बालाघाट
बिरसा के प्रभावित ग्रामों में जिला प्रशासन की सतत निगरानी
4261 व्यक्तियों की हो चुकी स्वास्थ्य जाँच, 230 मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज
प्रभावित क्षेत्र के 9831 बच्चों का किया गया टीकाकरण
बालाघाट जिले के बिरसा विकासखंड के बीमारी से प्रभावित ग्राम कुंडेकसा, कोरका एवं बोंदारी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा घर-घर स्वास्थ्य सर्वे एवं उपचार की कार्रवाई लगातार जारी है। 27 अगस्त 2026 की प्रतिदिन सर्वे रिपोर्ट के अनुसार अब तक कुल 4261 व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है।
सर्वे के दौरान 346 मलेरिया रोगी, 166 दस्त से पीड़ित, 168 शरीर पर दाने के साथ बुखार से पीड़ित तथा 177 चर्म रोग से प्रभावित मरीज पाए गए हैं। इन बीमारियों सहित कुल 857 मरीजों की पहचान की गई है। इनमें से 583 मरीजों का घर पर उपचार किया गया, जबकि 274 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया गया है। अस्पताल में भर्ती मरीजों में से अब तक 230 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि 44 मरीजों का उपचार अभी जारी है। 27 अगस्त को 18 नए मरीज अस्पताल में भर्ती किए गए, वहीं उपचार के बाद 02 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को एहतियात के तौर पर भर्ती कराया गया है और सभी की स्थिति खतरे से बाहर है।
स्वास्थ्य विभाग की 20 सर्वेक्षण टीमें घर-घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। इसके साथ ही 4 पीएम जनमन एएमएमयू, 10 चिकित्सा अधिकारी तथा भर्ती एवं रेफरल के लिए 4 एम्बुलेंस तैनात की गई हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें बच्चों एवं अन्य मरीजों के स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रख रही हैं।
अब तक 748 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक, ओआरएस एवं जिंक टैबलेट वितरित की गई है। वहीं 706 बच्चों को आयरन सिरप प्रदान किया गया तथा 610 बच्चों को एल्बेंडाजोल की टैबलेट खिलाई गई। कुल 177 टीकाकरण सत्रों के माध्यम से 9831 बच्चों का टीकाकरण किया गया है। वहीं, मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं मच्छरजनित रोगों पर नियंत्रण के लिए भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 52 ग्रामों के 3 हजार 347 मकानों में कीटनाशक का छिड़काव किया गया है। साथ ही 63 ग्रामों के 5 हजार 288 मकानों में लार्वा सर्वे का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #WelfareTribal #healthminmp