#बालाघाट
अटल पेंशन योजना पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित
बालाघाट ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश में बनाई विशिष्ट पहचान, उपलब्धि को निरंतर बनाए रखने पर जोर
अटल पेंशन योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने तथा असंगठित क्षेत्र के नागरिकों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से 27 अगस्त को अग्रणी बैंक कार्यालय बालाघाट एवं जिला प्रशासन के तत्वावधान में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन भटेरा रोड स्थित होटल शीतल पैलेस में किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ पीएफआरडीए के सीजीएम श्री प्रवेश कुमार, पीएफआरडीए के मैनेजर श्री निशांत आनंद, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया क्षेत्रीय कार्यालय छिंदवाड़ा के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री उत्कर्ष कुमार, राज्य सहकारी बैंक भोपाल के ओएसडी श्री आर.सी. पटले, जिला सहकारी बैंक के सीईओ श्री अभिनव सिंह बघेल, आकाशवाणी बालाघाट के सहायक निदेशक श्री कुंवर विक्रम सिंह, प्रसारण अधिकारी श्री धीरज कुमार, अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री संजीव कुमार,, श्री दीपक लखेरा बैंक प्रबंधक एसबीआई, श्री लीलाधर सुलाखे शाखा प्रबंधक बालाघाट ग्रामीण बैंक, आर. बी , खांडेकर आर सिटी सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यशाला में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय छिंदवाड़ा के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री उत्कर्ष कुमार ने कहा कि अटल पेंशन योजना का लाभ समाज के अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिले ने जिस तरह अटल पेंशन योजना के क्रियान्वयन में बेहतर प्रदर्शन किया है, उसे निरंतर बनाए रखने के लिए लगातार जनजागरूकता एवं पंजीयन अभियान चलाने की आवश्यकता है।
कार्यशाला में श्री प्रवेश कुमार सीजेएम पीएफआरडीए,,मैनेजर श्री निशांत आनंद द्वारा अटल पेंशन योजना पर विस्तार से प्रस्तुतीकरण दिया गया। कार्यशाला में बालाघाट जिले में अटल पेंशन योजना के अंतर्गत बेहतर कार्य एवं अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बैंक प्रतिनिधियों का सम्मान भी किया गया।
पीएफआरडीए के सीजीएम श्री प्रवेश कुमार ने बालाघाट जिले की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि जिले ने अटल पेंशन योजना के क्रियान्वयन एवं पंजीयन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए जिला प्रशासन, अग्रणी बैंक, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों तथा योजना के क्रियान्वयन में जुटे सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।
अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री संजीव कुमार ने कार्यशाला के अंत में आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अटल पेंशन योजना प्रत्येक भारतीय के सुरक्षित भविष्य के लिए छोटी बचत से बड़ी सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। छोटी-छोटी बचत का नियमित कदम व्यक्ति और उसके परिवार के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव रख सकता है। कार्यशाला में बैंकिंग क्षेत्र, प्रशासन, आजीविका मिशन, आरसेटी, जन अभियान परिषद, एनएसएस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, परामर्शदाता, विद्यार्थी एवं योजना से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
#अटल_पेंशन_योजना #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #gaddeptmp