#बालाघाट
खेलो इंडिया संवाद में पीएम मोदी के साथ खेल की बात
युवाओं को मिला प्रेरणा का संदेश
राष्ट्रीय खेल दिवस एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय बालाघाट में “खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात पीएम मोदी के साथ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संस्कृति एवं परंपरा के अनुरूप मां सरस्वती एवं युवा प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. डुलेश्वरी टेंभरे एवं प्रो. सुखचंद्र ऐड़े के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी, मध्यप्रदेश शासन के अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य एवं पूर्व जनभागीदारी समिति अध्यक्ष मौसम बिसेन तथा नगरपालिका बालाघाट के अध्यक्ष भारती सुरजीत सिंह ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से युवाओं से जुड़े। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने युवाओं को खेल और फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश देते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि बेहतर जीवन, अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ राष्ट्र निर्माण का आधार हैं। उन्होंने “जो खेलेगा, वो खिलेगा” का संदेश देते हुए युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की प्रतिभा को पहचानने के लिए व्यापक टैलेंट हंट अभियान की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर मिल सकेंगे। “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” के संकल्प को आगे बढ़ाने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए युवाओं से अपनी सकारात्मक ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उन्होंने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को स्मरण करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी खेलों के माध्यम से करियर निर्माण एवं युवा विकास पर अपने विचार प्रस्तुत किए। सिद्धार्थ गेडाम, मोनाक्षी बिसेन एवं राखी शरणागत ने युवाओं को खेलों से जुड़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सांसद श्रीमती भारती पारधी ने उपस्थित प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई तथा स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट, माय भारत एवं खेल विभाग के विद्यार्थी सहित महाविद्यालय का समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी वर्ग उपस्थित रहा। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।
#PMOIndia #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #KheloIndiaSamvaad #bhratipardhimp
4 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 27, 2026