जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिसोनिया की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित
रायसेन जिले में फोटो निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशित, 11 दिसम्बर तक प्राप्त किए जाएंगे दावा-आपित्त
जिले के स्कूल-कॉलेजों में स्वीप गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश
------
------
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 अंतर्गत गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रोहित सिसोनिया की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री सिसोनिया ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए विधानसभावार मतदाताओं की संख्या, मतदान केंद्रों, जेंडर रेशियो, युवा मतदाताओं, दिव्यांग मतदाताओं, 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं एवं सर्विस वोटर्स की जानकारी दी। बैठक में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को मतदाता सूची के प्रारूप की प्रतियां भी प्रदान की गईं।
जिले में 1003157 मतदाता, 1384 मतदान केंद्र
प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार रायसेन जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 10 लाख 3 हजार 157 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 523363 पुरुष मतदाता, 479775 महिला मतदाता तथा 19 अन्य मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्र उदयपुरा में 263803 मतदाता, विधानसभा क्षेत्र भोजपुर में 251183 मतदाता, विधानसभा क्षेत्र सांची में 259225 तथा विधानसभा क्षेत्र सिलवानी में 228946 मतदाता हैं। जिले में कुल 1384 मतदान केंद्र हैं, जिनमें 336 शहरी एवं 1048 ग्रामीण मतदान केंद्र शामिल हैं। प्रारूप सूची में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 24088 युवा मतदाता, 11250 दिव्यांग मतदाता, 5653 मतदाता 85 वर्ष से अधिक आयु के तथा 515 सर्विस वोटर्स दर्ज हैं। जिले का जेंडर रेशियो 917 है।
11 दिसम्बर तक लिए जाएंगे दावे-आपत्तियां
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 12 नवम्बर 2026 को मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के साथ ही दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। यह प्रक्रिया 11 दिसम्बर 2026 तक चलेगी। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसम्बर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। कलेक्टर श्री सिसोनिया ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम में संशोधन कराने अथवा अन्य त्रुटियों के सुधार के लिए निर्धारित अवधि में आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता जागरूकता के लिए स्कूलों एवं कॉलेजों में स्वीप गतिविधियां आयोजित की जाएं, ताकि युवा मतदाताओं को मतदान के महत्व और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 की जानकारी भी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए, जिससे नागरिक मतदाता सूची संबंधी जानकारी एवं सहायता प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनोज उपाध्याय सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
#Raisen Chief Electoral Officer Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Collector Office Raisen