शरदोत्सव के दोबारा आयोजन की पहल से स्थानीय कलाकारों में खुशी
कलाकारों ने पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी का जताया आभार, बोले-उभरती प्रतिभाओं के लिए साबित होगा बड़ा मंच
मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में नगर पालिका प्रशासन की ओर से शरदोत्सव को दोबारा आयोजित कराने की कवायद से स्थानीय कलाकारों में खुशी की लहर है। कलाकारों का कहना है कि शरदोत्सव केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि स्थानीय और उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच रहा है।
स्थानीय कलाकार मनोज टम्टा, ममता राव, कुमार शैलेंद्र बिष्ट और त्रिलोक चौहान ने शरदोत्सव के आयोजन की पहल के लिए नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शरदोत्सव के मंच से मसूरी और उत्तराखंड के कई छोटे कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।
कलाकारों ने कहा कि शरदोत्सव ने कई कलाकारों को आगे बढ़ने का रास्ता दिया है। इस मंच से अपनी पहचान बनाने वाले कलाकारों में प्रीतम भरतवाण, पद्मश्री प्रीतम सिंह, मीना राणा और पूर्व डीजीपी अनिल रतूड़ी सहित कई नाम शामिल हैं, जिन्होंने बाद में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई।
उन्होंने कहा कि उभरते कलाकारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी प्रतिभा को लोगों तक पहुंचाने के लिए उचित मंच की होती है। ऐसे में शरदोत्सव स्थानीय लोक कलाकारों, गायकों, वादकों और सांस्कृतिक प्रतिभाओं के लिए एक बेहतर प्लेटफॉर्म साबित हो सकता है।
कलाकारों ने उम्मीद जताई कि इस बार शरदोत्सव में स्थानीय प्रतिभाओं को पर्याप्त अवसर दिया जाएगा। इससे न केवल नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा, बल्कि मसूरी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक संस्कृति को भी मजबूती मिलेगी।
कलाकारों ने कहा कि नगर पालिका की यह पहल स्वागत योग्य है और इससे मसूरी में सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस बार स्थानीय और छोटे कलाकारों को शरदोत्सव के मंच पर सम्मानजनक स्थान मिलेगा।
#uttarkhand #ganesh #cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #CongressParty #Congressman #BJPGovernment #landslide
Mussoorie, Dehradun | Sep 1, 2026