#रांची में भर्ती सुधार यात्रा का समापन, देवेंद्र नाथ महतो बोले- “यात्रा संपन्न हुई है, आंदोलन नहीं
रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितता, धांधली और भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्रों की ओर से चल रही राज्यव्यापी भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का शुक्रवार को राजधानी रांची में विधिवत समापन हुआ। यात्रा के 18वें दिन छात्रों ने करीब 7 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली।
पदयात्रा की शुरुआत मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से हुई, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद छात्र रेडियम रोड होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे। यहां परमवीर चक्र विजेता शहीद अल्बर्ट एक्का को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र और आम लोग मौजूद रहे, जिसके कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
सरकार से निष्पक्ष जांच की मांग
अल्बर्ट एक्का चौक पर सभा को संबोधित करते हुए यात्रा के नेतृत्वकर्ता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि छात्रों की यात्रा समाप्त हुई है, लेकिन आंदोलन खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने सरकार से नियुक्ति परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं से जुड़े साक्ष्य मजबूती से न्यायालय के समक्ष रखने की मांग की।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि सरकार को पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए सीबीआई जांच की अनुशंसा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों ने पूरे झारखंड का भ्रमण कर अभ्यर्थियों और आम लोगों के बीच भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूती से उठाया है।
24 जिलों का किया गया भ्रमण
बताया गया कि भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा की शुरुआत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जन्मस्थली नेमरा से हुई थी। यात्रा के दौरान झारखंड के सभी 24 जिलों का भ्रमण कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों और आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया।
यात्रा का उद्देश्य नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता, अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और अभ्यर्थियों के अधिकारों की मांग को मजबूती से उठाना बताया गया।
बिरसा मुंडा समाधि स्थल पर हुआ समापन
अल्बर्ट एक्का चौक से पदयात्रा आगे बढ़ते हुए कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा समाधि स्थल पहुंची। यहां श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद राज्यव्यापी भर्ती सुधार यात्रा का औपचारिक समापन किया गया।
इस दौरान रांची की स्टेट लाइब्रेरी और सेंट्रल लाइब्रेरी समेत विभिन्न स्थानों पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों की भी बड़ी संख्या में भागीदारी रही।
देवेंद्र नाथ महतो ने स्पष्ट किया कि भर्ती सुधार यात्रा का समापन आंदोलन का अंत नहीं है। छात्रों के अधिकार, पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रखने की बात उन्होंने कही।
#JPSC #JSSC #JharkhandNews #RecruitmentReform #StudentProtest #DevendraNathMahato #JharkhandStudents #RanchiNews #JPSCJSSC #LoktantraBharat