👉#12,804 विद्यार्थी सी, डी और ई ग्रेड में मिले, कमजोर प्रदर्शन वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं खंड शिक्षा अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण
---#जर्जर विद्यालय भवनों को शीघ्र ध्वस्त कराने के निर्देश, 300 से अधिक छात्र संख्या वाले स्कूलों में लगेंगे सीसीटीवी
शाहजहांपुर। बेसिक शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर, जर्जर भवनों, विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों, विकास कार्यों, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों, जन्म प्रमाण पत्र तथा विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के साथ ही गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नेट मॉक टेस्ट में 12,804 विद्यार्थी सी, डी और ई ग्रेड में
गत माह संपन्न नेट मॉक टेस्ट की समीक्षा में पूरे जनपद में 12,804 विद्यार्थी सी, डी तथा ई ग्रेड में पाए गए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक विकास क्षेत्र में खराब प्रदर्शन करने वाले बॉटम-5 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के स्पष्टीकरण के निर्देश दिए । साथ ही जिन विकास क्षेत्रों में एक हजार से अधिक बच्चे सी, डी एवं ई ग्रेड में पाए गए हैं, उनमें कलान, भावलखेड़ा, जलालाबाद और ददरौल के खंड शिक्षा अधिकारियों से भी स्पष्टीकरण मांगा।
उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि सी, डी एवं ई ग्रेड में आने वाले विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर में सुधार के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कदम उठाए जाएं। नेट मॉक टेस्ट में अनुपस्थित विद्यार्थियों की परीक्षा अक्टूबर के अंत तक तथा जनपद के सभी विद्यार्थियों की पुनः परीक्षा नवंबर के अंतिम सप्ताह में कराने के निर्देश दिए गए।
*140 जर्जर भवनों का ध्वस्तीकरण अभी बाकी*
जर्जर विद्यालय भवनों की समीक्षा में पाया गया कि जनपद में चिन्हित 240 जर्जर भवनों में से अभी तक केवल 100 भवनों को ध्वस्त कराया गया है। जिलाधिकारी ने संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को चेतावनी देते हुए शेष जर्जर भवनों को शीघ्र ध्वस्त कराने के निर्देश दिए।
*213 विद्युत लाइनों को हटाने के निर्देश*
विद्यालय भवनों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित विद्युत विभाग के अधिकारियों को 213 विद्युत लाइनों को हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
*विद्यालयों में स्वीकृत विकास कार्य एक सप्ताह में शुरू कराने के निर्देश*
विकास क्षेत्रवार परिषदीय विद्यालयों में स्वीकृत कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि खंड विकास अधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत विकास कार्यों की सूचियों में अंतर है। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए दोनों विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य वित्त आयोग एवं अन्य मदों से विद्यालयों में स्वीकृत कार्यों को एक सप्ताह के भीतर शुरू कराया जाए।
*कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में गुणवत्ता जांच पर जोर*
कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने वार्डन एवं जिला समन्वयकों को निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों में डोरमेट्री का निर्माण पूर्ण हो चुका है, उन्हें हैंडओवर किए जाने से पहले निर्माण कार्य की गुणवत्ता की गहनता से जांच कर ली जाए। किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर उसे तत्काल दूर कराया जाए। निर्माणाधीन विद्यालयों में भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए।
*21 दिन के भीतर जन्म प्रमाण पत्र के लिए टोल फ्री नंबर की योजना*
जिलाधिकारी ने 21 दिन के भीतर जन्म लेने वाले बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए टोल फ्री नंबर जारी करने की परियोजना पर कार्य करने के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया को आमजन के लिए सरल और सुगम बनाया जाए।
*300 से अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में लगेंगे सीसीटीवी*
विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 300 से अधिक छात्र संख्या वाले परिषदीय विद्यालयों में चार सीसीटीवी कैमरों का एक सेट स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों से मध्यान्ह भोजन बनने के दौरान होने वाली घटनाओं के साथ ही विद्यालयों में चोरी जैसी घटनाओं पर भी प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलेगी।बैठक में जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि जनपद की कतिपय गैस एजेंसियों द्वारा विद्यालयों को मध्यान्ह भोजन निर्माण के लिए गैस कनेक्शन देने में आनाकानी की जा रही है तथा गैस सिलेंडर के साथ रेगुलेटर और पाइप खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिला पूर्ति अधिकारी से समन्वय कर समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन निर्माण के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की अनावश्यक बाधा नहीं होनी चाहिए और रेगुलेटर एवं पाइप के नाम पर धन वसूली की शिकायत संज्ञान में नहीं आनी चाहिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, परियोजना निदेशक अवधेश राम, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक हरवंश कुमार, प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान आशीष चौहान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव सहित समस्त खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी, एआरपी, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों की वार्डन एवं जिला समन्वयक उपस्थित रहे।
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Oct 7, 2026