मसूरी में दीपावली पर जनता के बीच पहुंचीं पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, बैंड-बाजों के साथ हुआ स्वागत
टिहरी बस स्टैंड से लाइब्रेरी चौक तक किया जनसंपर्क, बोलीं- जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना मेरी प्राथमिकता, पार्किंग समस्या के समाधान के लिए 42 स्थान चिन्हित
मसूरी। दीपावली का त्योहार केवल रोशनी और खुशियों का पर्व नहीं, बल्कि आपसी मेलजोल और रिश्तों को मजबूत करने का भी अवसर है। इसी भावना के साथ मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने दीपावली के अवसर पर शहर की जनता के बीच पहुंचकर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने टिहरी बस स्टैंड से लाइब्रेरी चौक तक जनसंपर्क कर व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों से मुलाकात की। इस दौरान कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक बैंड-बाजों के साथ उनका स्वागत किया और उन्हें दीपावली की बधाई दी। जनसंपर्क के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि मसूरी की जनता के सहयोग, विश्वास और आशीर्वाद से उन्हें नगर पालिका की जिम्मेदारी संभालने का अवसर मिला है। जनता ने उनसे कई उम्मीदें लगा रखी हैं और उनका प्रयास है कि उन उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि की असली ताकत जनता का साथ और विश्वास होता है। यदि जनता का सहयोग मिले तो शहर की बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान भी संभव है।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि मसूरी की पहचान मालरोड और उसकी खूबसूरती से है। मालरोड को व्यवस्थित, सुंदर और बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका की ओर से कई कड़े कदम उठाए गए हैं। इन व्यवस्थाओं के कारण कुछ लोगों को शुरुआती दौर में परेशानियों का सामना भी करना पड़ा है, लेकिन किसी भी व्यवस्था को सुधारने के लिए कुछ बदलाव और सख्त निर्णय जरूरी होते हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि मसूरी को बेहतर और व्यवस्थित शहर बनाना है। उन्होंने कहा कि विकास और व्यवस्था में सुधार के लिए जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। किसी भी जनप्रतिनिधि के साथ जब जनता खड़ी होती है तो समस्याओं का समाधान निकालना आसान हो जाता है। उनका प्रयास है कि स्थानीय लोगों और व्यापारियों को विश्वास में लेकर शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाए।
मीरा सकलानी ने कहा कि वर्तमान समय में मसूरी के सामने पार्किंग की समस्या सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बन गई है। पर्यटन सीजन में वाहनों की संख्या बढ़ने से स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी परेशानी होती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए शासन और नगर पालिका स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रशासन की ओर से मसूरी नगर पालिका क्षेत्र में 42 ऐसे स्थान चिह्नित किए गए हैं, जहां पार्किंग निर्माण की संभावनाएं हैं। इन स्थानों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी गई है। इसके साथ ही नगर पालिका की ओर से मोहल्ला पार्किंग विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। फिलहाल तीन मोहल्ला पार्किंग के निर्माण के लिए शासन से अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलते ही इनके निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मोहल्ला पार्किंग बनने से स्थानीय लोगों को अपने घरों के आसपास वाहन खड़े करने की सुविधा मिलेगी और मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि कुछ विपक्षी लोग उनके खिलाफ बेवजह आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहते हैं, लेकिन वह इन बातों पर ध्यान देने के बजाय शहर के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दे रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने जिन उम्मीदों और विश्वास के साथ उन्हें चुना है, उन उम्मीदों को पूरा करना उनकी जिम्मेदारी है। इसके लिए वह लगातार प्रयासरत हैं।
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #CongressParty #Congressman #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh
Mussoorie, Dehradun | Nov 6, 2026