स्मैक तस्करों के खिलाफ छापेमारी करने निकले टाइगर मोबाइल जवान का नदी में मिला शव, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
गुरुवार शाम से थे लापता, शनिवार को दरधा नदी से बरामद हुआ शव; सरकारी पिस्टल, मोबाइल और पर्स भी मिला
जहानाबाद : जिले में मादक पदार्थों के कारोबार और उससे जुड़े अपराध को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। टाइगर मोबाइल के जवान धनेश्वर यादव का शव शनिवार को काको थाना क्षेत्र के नदियावां गांव के समीप दरधा नदी से बरामद किया गया। जवान गुरुवार की देर शाम से लापता थे। उनके शव मिलने की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, धनेश्वर यादव गुरुवार की देर शाम नगर थाना क्षेत्र के एसएस कॉलेज इलाके में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ छापेमारी करने निकले थे। इसी दौरान वह रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गए। काफी खोजबीन के बाद शनिवार को उनका शव दरधा नदी से बरामद हुआ।
मृतक जवान मूल रूप से भोजपुर जिले के आरा के रहने वाले थे और जहानाबाद नगर थाना में टाइगर मोबाइल के जवान के रूप में तैनात थे। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल से उनका सरकारी पिस्टल, मोबाइल फोन और पर्स भी बरामद किया है।
घटना की सूचना मिलते ही मगध रेंज के आईजी विकास वैभव, एसपी कोटा किरण कुमार, एएसपी मनोज पांडेय और एसडीपीओ अनिकेत कुमार द्विवेदी भारी पुलिस बल के साथ नदियावां गांव पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही फॉरेंसिक जांच टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई।
एसपी ने कहा, पूरे मामले की हो रही जांच
एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है। घटना के कारणों का पता लगाने और इसमें संलिप्त लोगों की पहचान के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
Jehanabad, Jehanabad | Nov 7, 2026