प्रेस विज्ञप्ति
स्थान : नालन्दा
दिनांक :-01 09.2026
..................................
जनता की दहलीज तक पहुंचीं सरकारी सेवाएं, सहयोग शिविरों में समस्याओं का त्वरित समाधान
सुश्री सारा अशरफ, उप विकास आयुक्त, नालन्दा एवं श्री कृत्यानंद रंजन, नगर आयुक्त, बिहारशरीफ की संयुक्त अध्यक्षता में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से बिहारशरीफ प्रखंड अन्तर्गत ग्राम पंचायत मुरौरा/तिउरी में सहयोग शिविर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से आमजनों को मिली त्वरित एवं सुगम सुविधा
बिहारशरीफ। बिहार सरकार की जनहितकारी एवं सुशासन आधारित पहल के तहत नालन्दा जिले में पंचायत स्तर पर आयोजित किए जा रहे सहयोग शिविरों के माध्यम से सरकारी सेवाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं को सीधे आमजनों की दहलीज तक पहुंचाया जा रहा है।
शिविरों में उप विकास आयुक्त, नालन्दा द्वारा आमजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली गई तथा संबंधित विभागों को मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए।
सहयोग शिविर में उप विकास आयुक्त, नालन्दा द्वारा विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली तथा आमजनों को योजनाओं का लाभ सरल एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों को प्रमाण-पत्र एवं स्वीकृति संबंधी दस्तावेज प्रदान किए गए। इनमें लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, मनरेगा जॉब कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं आवास योजना के लाभुक शामिल रहे।
सहयोग शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग सहायता काउंटर स्थापित किए गए, जहां ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त कर उन्हें संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभुकों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन सुनिश्चित किया गया। इससे ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशासन की इस पहल से लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया सरल एवं सुविधाजनक हुई।
मुरौरा पंचायत में आयोजित शिविरों में कुल 22 आवेदन प्राप्त हुए।
इनमें मनरेगा के ग्रामीण विकास विभाग -3, मनरेगा -5, कृषि विभाग -4, सामाजिक सुरक्षा विभाग -1, पंचायती राज विभाग - 1 एवं लोहिया स्वच्छता -5 से संबंधित आवेदन शामिल था।
प्राप्त सभी आवेदनों का संबंधित विभागों द्वारा शिविर स्थल पर ही त्वरित निष्पादन किया गया तथा लाभुकों को उनके आवेदन की स्थिति एवं आवश्यक कार्रवाई की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई गई। एवं अन्य लंबित आवेदनों को अतिशीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
तिउरी पंचायत में 24 आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट समाधान
इनमें मनरेगा के ग्रामीण विकास विभाग -3, मनरेगा -5, कृषि विभाग -3, सामाजिक सुरक्षा विभाग -3, एवं लोहिया स्वच्छता -2, सांख्यिकी विभाग -4 एवं सीडीपीओ ग्रामीण से संबंधित 3 आवेदन शामिल था।
इन सभी आवेदनों का भी संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही निष्पादन सुनिश्चित किया गया तथा लाभुकों को आवश्यक जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के दौरान अधिकारियों ने आमजनों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें। साथ ही, अधिकारियों ने आमजनों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।
शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने की इस पहल की सराहना की। ग्रामीणों ने इसे जनहित, पारदर्शिता एवं सुशासन को सशक्त बनाने वाली प्रभावी पहल बताते हुए कहा कि इससे सरकारी सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान हुई है और समय की भी बचत हो रही है।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Panchayati Raj Department, Government of Bihar
18 views | Nalanda, Bihar | Sep 1, 2026