प्रेस विज्ञप्ति
नालंदा।
.........................
नालंदा की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन
‘सामाजिक रूप से न्यायसंगत एवं सुरक्षित गाँव’ थीम पर ग्रामीण विकास और स्वच्छता को लेकर हुई चर्चा
नालंदा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में अगस्त माह के अंतिम रविवार, दिनांक 30 अगस्त 2026 को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। स्थानीय सतत् विकास लक्ष्यों (LSDGs) को वर्ष 2030 तक प्राप्त करने के उद्देश्य से आयोजित इस विशेष ग्राम सभा की इस बार की थीम “थीम-7 : सामाजिक रूप से न्यायसंगत एवं सुरक्षित गाँव” रही।
विशेष ग्राम सभा में पंचायत क्षेत्र के समग्र एवं समावेशी विकास को लेकर ग्रामीणों के साथ व्यापक चर्चा की गई।
सामाजिक न्याय, सुरक्षा, समान अवसर तथा समाज के सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए पंचायत स्तर पर आवश्यक कार्ययोजना एवं प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उक्त थीम के अतिरिक्त भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा प्रदत्त राशि से संचालित एवं सम्पोषित विभिन्न योजनाओं की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा एवं चर्चा की गई। योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रगति, लाभुकों को मिल रहे लाभ तथा लंबित कार्यों की जानकारी ग्रामीणों के समक्ष साझा की गई।
विशेष ग्राम सभा में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान से संबंधित विषयों को भी प्रमुखता से शामिल किया गया। स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छ एवं खुले में शौच से मुक्त परिवेश बनाए रखने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने पर चर्चा की गई। ग्रामीणों से स्वच्छता संबंधी व्यवहार को निरंतर बनाए रखने एवं पंचायत को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की गई।
इसके साथ ही ग्राम सभा में ग्रामीणों से प्राप्त विभिन्न समस्याओं, आवश्यकताओं एवं मांगों से संबंधित आवेदनों को चिन्हित कर पंचायत विकास दिवस पोर्टल पर प्रविष्ट करने की प्रक्रिया भी की गई। ग्रामीणों द्वारा प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं को संबंधित विभागों तक Aspiration/Grievance के रूप में अग्रसारित किया जाएगा, ताकि संबंधित विभागों द्वारा नियमानुसार उनके निष्पादन की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
विशेष ग्राम सभा का उद्देश्य पंचायत स्तर पर ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए स्थानीय समस्याओं का चिन्हांकन, विकास योजनाओं की प्राथमिकता तय करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति प्रदान करना है। इसके माध्यम से ग्रामीणों को विकास प्रक्रिया में सहभागी बनाने के साथ-साथ वर्ष 2030 तक स्थानीय सतत् विकास लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में पंचायतों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Panchayati Raj Department, Government of Bihar
202 views | Nalanda, Bihar | Aug 30, 2026