सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विद्यालयों में पॉक्सो अधिनियम पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, न्यायिक पदाधिकारियों ने बच्चों से किया संवाद
अरेराज, पूर्वी चंपारण। बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करने तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज “सुरक्षित बचपन अभियान” (Surakshit Bachpan Abhiyan) – A Pan-India School Awareness Campaign के अंतर्गत माँ सुथरा विद्यापीठ एवं ध्रुव उर्मिला विद्यापीठ का भ्रमण किया गया।
इस अवसर पर श्री विमलेश कुमार, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-प्रथम सह अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-प्रथम तथा श्री उपेन्द्र साह, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-तृतीय सह अवर न्यायाधीश-तृतीय ने दोनों विद्यालयों का दौरा कर विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने बच्चों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (POCSO Act, 2012) के विभिन्न प्रावधानों, बच्चों के कानूनी अधिकारों तथा उनकी सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
संवाद के दौरान न्यायिक पदाधिकारियों ने बच्चों को अच्छे एवं बुरे स्पर्श के बीच अंतर समझाते हुए व्यक्तिगत सुरक्षा, शारीरिक स्वायत्तता तथा किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार के विरुद्ध आवाज उठाने के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बच्चों को बताया कि किसी भी प्रकार की असहज या अप्रिय घटना को छिपाने के बजाय बिना भय और संकोच के अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा संबंधित प्राधिकारियों को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल परिवार या विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक बच्चे को सम्मान, सुरक्षा और गरिमापूर्ण वातावरण में विकास करने का अधिकार है। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास विकसित करने के साथ-साथ बाल संरक्षण के प्रति समाज की संवेदनशीलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सुरक्षित बचपन अभियान के माध्यम से विद्यालयों में निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनी प्रावधानों तथा किसी भी प्रकार के शोषण के विरुद्ध उपलब्ध विधिक संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
East Champaran, Bihar | Oct 31, 2026