बछवाड़ा प्रखंड के नारेपुर झमटिया गंगा घाट पर सावन की अंतिम सोमवारी की पूर्व संध्या पर विशेष तैयारी की गई है। कांवरियों की सुविधाओं और सावन महोत्सव को लेकर शनिवार को घाट स्थित धर्मशाला में एक बैठक आयोजित की गई। इसमें सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण और एसडीआरएफ टीम की तैनाती जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता अनुमंडलाधिकारी नीरज सिंह ने की, जबकि संचालन आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रभाकर राय ने किया। इस दौरान सावन महोत्सव और झमटिया गंगा घाट पर आने वाले कांवरियों की सुविधाओं पर विचार-विमर्श करते हुए कई आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
जिसके बाद गंगा घाट, कार्यक्रम स्थल, गंगा घाट को जोड़ने वाले विभिन्न मार्ग एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर विधि व्यवस्था का अवलोकन किया गया। इस दौरान उन्होंने घाट स्थित कई दुकानदारों से बात की और दुकानों में बेचे जा रहे खाने वाले सामान की शुद्धता और साफ-सफाई को लेकर सख्त निर्देश दिए।
एसडीओ नीरज सिन्हा ने बताया कि सावन की अंतिम सोमवारी की पूर्व संध्या रविवार को कांवरियों की सुविधाओं को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग 28 मल्लिक ढाला, झमटिया पुल, पुल से लेकर मंदिर तक की सड़क, गंगा घाट स्थित मंदिर के नजदीक, सीढ़ियों पर, झमटिया घाट के पश्चिमी छोर पर, राष्ट्रीय राजमार्ग 28 झमटिया ढाला यात्री शेड के पास, कार्यक्रम स्थल, सुरो चौक, मुरली टोल, फतेहा और रसीदपुर सहित कुल 14 स्थानों पर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
गंगा घाट पर एसडीआरएफ टीम और नाविक भी मुस्तैद रहेंगे। कांवरियों को किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाने और स्वास्थ्य संबंधी उपचार प्रदान करने के लिए अलग-अलग स्थानों पर मेडिकल कैंप भी लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लाइट, पेयजल और शौचालय जैसी अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
उन्होंने कांवरियों से धक्का-मुक्की न करने और आसानी से स्नान कर विभिन्न शिवालयों में जलार्पण के लिए प्रस्थान करने का निवेदन किया।
डीएसपी कृष्ण कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था पर कहा कि विभिन्न जगहों पर पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कांवरियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। यातायात नियंत्रण के लिए भारी वाहनों को रोका जाएगा और पेट्रोलिंग गाड़ियां सड़कों पर निरंतर निगरानी बनाए रखेंगी।
कार्यक्रम के आयोजक अध्यक्ष प्रभाकर राय ने कहा कि बछवाड़ा पत्रकार संघ द्वारा वर्ष 2008 से लगातार सावन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में कांवड़िये गंगा घाट पर स्नान कर थानेश्वर स्थान समस्तीपुर, विद्यापति धाम, हरि गिरि धाम गढ़पुरा सहित विभिन्न शिवालयों में जलार्पण के लिए निकलते हैं।
सावन की अंतिम सोमवारी की पूर्व संध्या, रविवार को शाम 5:00 बजे कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसमें दरभंगा से गायिका जुली झा और भागलपुर से गायक सुनील मिश्रा भजनों की प्रस्तुति देंगे और कोलकाता से आए कलाकार मनमोहक शिव झांकी भी प्रस्तुत करेंगे। तो आइये सावन महोत्सव में शामिल होकर कांवरियों की सेवा करें और भजन का आनंद ले।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार, अंचलाधिकारी प्रीतम गौतम, पंचायती राज पदाधिकारी विश्वनाथ कुमार, एसआई जितेंद्र कुमार, प्रभु नारायण सिंह, रानी एक पंचायत की मुखिया गीता देवी और शिव गंगा समिति के सदस्य गोपाल महतो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित थे।