मुजफ्फरपुर में 80 स्कूलों तक पहुंचा ‘सुरक्षित बचपन अभियान’! न्यायिक अधिकारियों ने बच्चों को बताए अधिकार, बाल शोषण और अपराध से बचाव के तरीके
मुजफ्फरपुर में बच्चों के सुरक्षित भविष्य और उनके अधिकारों की रक्षा को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। नालसा के निर्देशानुसार संचालित ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के प्रथम चरण के अंतिम दिन 31 अक्टूबर को शहर से लेकर प्रखंड स्तर तक विभिन्न विद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस दौरान जिला स्कूल, चैपमैन बालिका उच्च विद्यालय, शैमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल, केंद्रीय विद्यालय गन्नीपुर, एशियन स्कूल, संत जेवियर्स स्कूल सहित कई शिक्षण संस्थानों में न्यायिक पदाधिकारियों ने बच्चों को जागरूक किया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुश्री श्वेता कुमारी सिंह और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तेज कुमार प्रसाद सहित कई न्यायिक अधिकारियों ने अभियान में भाग लिया। वहीं सकरा, मुरौल और बंदरा प्रखंड में पैनल अधिवक्ताओं एवं पारा विधिक स्वयंसेवकों ने जागरूकता कार्यक्रम चलाया।
प्राधिकार के अनुसार, 26 से 31 अक्टूबर तक चले इस विशेष अभियान में लगभग 70 से 80 विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, रिसोर्स पर्सन, बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों की भागीदारी रही।
अब अभियान के दूसरे चरण में एक नवंबर 2026 से 31 सितंबर 2027 तक विभिन्न चरणों में बच्चों को जागरूक किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित वातावरण, उनके अधिकारों और बाल संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना है।
#SurakshitBachpanAbhiyan #MuzaffarpurNews #DLSAMuzaffarpur #ChildSafety #TirhutNow