प्रशांत किशोर ने गठबंधन के सवाल पर दिया बड़ा बयान, बोले - किसी भी तरह का गठबंधन जन सुराज के मूल सिद्धांत के खिलाफ
The silence media news
औरंगाबाद- जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर विधायक बनने के बाद पहली बार औरंगाबाद पहुंचे, जहां जिले के जन सुराज पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने 'नागरिक अभिनंदन समारोह' आयोजित कर उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जन सुराज के कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों द्वारा औरंगाबाद में हुए कार गैंगरेप मामले पर सवाल पूछे जाने पर प्रशांत किशोर ने कहा कि पटना में पिता के सामने एक बच्ची को होटल से जबरदस्ती पकड़ा जा रहा था, लेकिन सरकार, मुख्यमंत्री, गृहमंत्री और उस क्षेत्र के सांसद का एक भी बयान उस पर नहीं आया। मैंने पहले ही कहा है कि अगर आपने अपराधियों, माफियाओं और भ्रष्ट लोगों को जिताया है, तो अच्छी सरकार की बात करने के अधिकारी नहीं हैं।
जिन लोगों ने मोदी-मोदी का नारा लगाकर भाजपा को वोट दिया, उनको UGC पर जवाब भाजपा के नेताओं से मांगना चाहिए: PK
वहीं, यूजीसी कानून के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि जिन लोगों ने भाजपा को वोट दिया है, उन लोगों को गंभीरता से इस बात का जवाब देना चाहिए। मामला न्यायालय के अधीन है, लेकिन जिन लोगों ने मोदी-मोदी का नारा लगाकर भाजपा को वोट दिया, उनको इस बात का जवाब भाजपा के नेताओं से मांगना चाहिए कि यूजीसी का यह कानून क्यों लेकर आए हैं। यहां अभी लोगों को नौकरी नहीं है, पढ़ाई नहीं है, पेपर लीक हो रहा है। खाने के लिए परेशानी है, यूरिया 500-600 रुपये में मिल रहा है, DAP 1800 रुपये में मिल रहा है और आप 2047 में विकसित भारत बनाएंगे। किसानों को पहले यूरिया और DAP की व्यवस्था कराइए, फिर 2047 में विकसित भारत देखा जाएगा।
हम लोगों का लक्ष्य है कि बिहार में बदलाव होना चाहिए, व्यवस्था परिवर्तन होना चाहिए: PK
भविष्य में कांग्रेस पार्टी के साथ गठबंधन के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज पहले दिन से ही यह बात कह रहा है कि हम लोग विधायक और सांसद बनने नहीं आए हैं। सरकार और विपक्ष का हिस्सा बनने नहीं आए हैं। हम लोगों का लक्ष्य बिल्कुल सीधा है कि बिहार में बदलाव होना चाहिए, व्यवस्था परिवर्तन होना चाहिए। और वो तब होगा, जब बिहार का समाज बदलेगा। जब तक यहां के लोग नहीं समझेंगे, जब तक यहां के लोग नई व्यवस्था बनाने के लिए वोट नहीं देंगे, तब तक बिहार में सुधार नहीं हो सकता है। इसलिए किसी भी तरह के गठबंधन की बात करना जन सुराज की भावना और मूल सिद्धांत के खिलाफ है।
मौके पर प्रदेश स्तर से जेपी सिंह, सरवर अली, ललन यादव, एनपी मंडल थे। वहीं जिला से राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरव, महिला जिलाध्यक्ष अर्चना यादव, जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा, मगध प्रभारी नंद किशोर यादव, विकास सिंह, रंजन यादव, मो. फरहान, शगुफ्ता यासमीन, आरिफ रजा सहित अन्य थे।
#औरंगाबाद #aurangabad #prashantkishor #pk #thesilencemedianews #औरंगाबाद #jansuraj