कांड दैनिकी लेखन को लेकर थाना परिसरों में विशेष सत्र, अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने पर जोर
जहानाबाद: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शनिवार की रात्रि जिले के सभी थाना परिसरों में थानाध्यक्षों के नेतृत्व में अनुसंधानकर्ताओं के साथ कांड दैनिकी लेखन का विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान अनुसंधानकर्ताओं को केस डायरी लेखन से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाओं एवं बिंदुओं की जानकारी दी गई।
विशेष सत्र का मुख्य उद्देश्य अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार, लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन तथा केस डायरी लेखन के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों का समाधान करना रहा। थानाध्यक्षों ने अनुसंधानकर्ताओं के साथ विभिन्न मामलों में कांड दैनिकी तैयार करने की प्रक्रिया की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने अनुसंधानकर्ताओं को मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों ने कहा कि बेहतर केस डायरी और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान से लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी तथा न्यायिक प्रक्रिया को भी गति मिलेगी।
Jehanabad, Jehanabad | Aug 29, 2026