चंदई गांव में टूटे बिजली तार की चपेट में आया किसान, मौत
मखदुमपुर।
प्रखंड क्षेत्र के चंदई गांव में शुक्रवार को करंट की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी बिजेंद्र यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। वहीं, रेफरल अस्पताल मखदुमपुर में भी कुछ देर तक गम का माहौल रहा।
जानकारी के अनुसार, बिजेंद्र यादव शुक्रवार सुबह शौच के लिए गांव से बाहर बधार की तरफ जा रहे थे। रास्ते में बिजली का एक तार टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था। अंधेरा अथवा जानकारी के अभाव में वे उस तार के संपर्क में आ गए। करंट लगने के बाद वह मौके पर ही गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और स्वजन वहां पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल रेफरल अस्पताल मखदुमपुर ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि गांव में कई जगह बिजली के तार काफी पुराने और जर्जर हैं। इन्हें बदलने को लेकर विभाग को पूर्व में सूचना भी दी गई थी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते जर्जर तारों को बदल दिया जाता तो हादसा टाला जा सकता था।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के आश्रितों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने तथा गांव में जर्जर बिजली तारों की जांच कर उन्हें जल्द बदलवाने की मांग की है।