बढ़े जलस्तर को लेकर सभी अंचलों में सतत निगरानी, माइकिंग से लोगों को किया जा रहा जागरूक
जहानाबाद। जिले में बढ़े हुए जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर जिले के सभी अंचलों में सतत निगरानी के साथ व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। संवेदनशील स्थलों, नदी-नालों, पुल-पुलियों, निचले इलाकों तथा जलजमाव वाले क्षेत्रों की स्थिति पर प्रशासन की विशेष नजर है।
सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर जलस्तर और जलप्रवाह की स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया गया है। संबंधित पदाधिकारी जल संसाधन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल जिला स्तर पर उपलब्ध कराने को कहा गया है।
माइकिंग कर लोगों को किया जा रहा जागरूक
बढ़े जलस्तर को लेकर सभी अंचलों में माइकिंग के माध्यम से लोगों को सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। लोगों को जलमग्न क्षेत्रों और तेज बहाव वाले नदी-नालों से दूर रहने तथा पानी में डूबे पुल-पुलियों को पार नहीं करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई है।
विशेष रूप से बच्चों और किशोरों को नदी, नाला, तालाब एवं अन्य जलभराव वाले स्थानों के समीप अनावश्यक रूप से नहीं जाने की सलाह दी जा रही है। जलप्रवाह वाले पुल-पुलियों पर जोखिम लेकर आवागमन नहीं करने तथा जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने को कहा गया है।
संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अलर्ट मोड में रहते हुए लगातार क्षेत्र भ्रमण करने का निर्देश दिया है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे बढ़े जलस्तर को देखते हुए सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और किसी भी तरह का जोखिम लेने से बचें। साथ ही प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए आपदा की स्थिति में प्रशासन का सहयोग करें।