‘पुलिस दीदी’ की बाइक-स्कूटी टीम कर रही सघन पेट्रोलिंग, महिलाओं व बच्चियों की सुरक्षा पर विशेष नजर
जहानाबाद।
पुलिस अधीक्षक किरण कुमार के निर्देश पर जिले में महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा को लेकर ‘पुलिस दीदी’ की टीम लगातार सक्रिय है। बाइक और स्कूटी से लैस महिला पुलिसकर्मियों की टीम विभिन्न क्षेत्रों में सघन पेट्रोलिंग कर रही है। स्कूल, कोचिंग संस्थानों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पेट्रोलिंग के दौरान महिला पुलिसकर्मी छात्राओं एवं बच्चों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही हैं। किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने, अनजान लोगों से सावधान रहने तथा आपात स्थिति में उपलब्ध पुलिस सहायता का उपयोग करने के संबंध में जानकारी दी जा रही है।
छेड़खानी व असामाजिक गतिविधियों पर नजर
‘पुलिस दीदी’ की टीम विशेष रूप से स्कूल-कॉलेजों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है। बाजार एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी नियमित गश्त की जा रही है, ताकि महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। पुलिस की इस पहल से छात्राओं और अभिभावकों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने महिला पुलिसकर्मियों को नियमित रूप से पेट्रोलिंग करने तथा महिलाओं एवं बच्चियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। पुलिस का उद्देश्य जिले में ऐसा सुरक्षित माहौल तैयार करना है, जहां महिलाएं और छात्राएं बिना किसी भय के अपने कार्य एवं पढ़ाई के लिए आवागमन कर सकें।