सेवा संकल्प अभियान का संचालन सुचारु रूप से हो-कलेक्टर
समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित
---
शासन के निर्देशानुसार जिले में आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान का संचालन सुचारु रूप से एवं प्रभावी तरीके से किया जाए। अभियान के तहत आमजन को शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं का मौके पर ही यथासंभव समाधान किया जाए। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री मालवीय ने सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत आयोजित किए गए शिविरों की प्रगति के संबंध में विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें किसी भी स्तर पर नोट अटेंड नहीं होना चाहिए। शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध कार्यवाही करते हुए आवेदनों की समस्याओं का निराकरण कराया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण, शासन के निर्देशों के तहत शिविरों का आयोजन, अधिकारियों के भ्रमण तथा पोर्टल पर तत्संबंधी जानकारी भरे जाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था की समीक्षा
--
बैठक में कलेक्टर ने जिले में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को खाद्यान्न की सुचारू एवं पारदर्शी वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक माय खाद्यान्न वितरण की समीक्षा ग्राम स्तर पर गठित सतर्कता समितियों की बैठक आयोजित कर की जाए। जिसमें खाद्यान्न वितरण की स्थिति, पत्र अधिकारियों को प्राप्त हो रहे खाद्यान्न तथा वितरण व्यवस्था से संबंधित समस्याओं पर चर्चा कर प्रतिवेदन तैयार किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम स्तर पर आयोजित सतर्कता समिति की बैठकों का प्रतिवेदन नियमित रूप से प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर अवैध शराब की निगरानी की जाकर जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित किया जाए। जिससे कानूनी कार्यवाही की जा सके।
बैठक में भू-माफिया के संबंध में निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत तथा नगरीय क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायतों में अवैध शराब के विक्रय एवं परिवहन की सतत निगरानी करें। स्वामित्व योजना के संबंध में सभी तहसीलों में स्वामित्व योजना के संबंध में शिविर लगाये जाकर निराकरण कराया जाए। उन्होंने आंगनवाडी केन्द्रों के लिए नवीन भवनों के निर्माण हेतु जगह का चिन्हांकन किये जाने के निर्देश दिए। नशामुक्ति के लिए कार्यक्रम महाविद्यालयों तथा स्कूलों में आयोजित कराये जाएं।
अधिकारियों द्वारा निरीक्षण रिपोर्ट का प्रतिवेदन करें प्रस्तुत
--
बैठक में कलेक्टर श्री मालवीय ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के दौरान क्षेत्र के शासकीय संस्थाओं का अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण पश्चात निरीक्षण प्रतिवेदन भिजवाया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विभिन्न विभागों से संबंधित समाचार पत्रों की कटिंग पर की गई कार्यवाही का पालन प्रतिवेदन समय पर भेजने के निर्देश समस्त अधिकारियों को दिए।
बैठक में फॉर्मर रजिस्ट्री,केन्द्रीय मंत्री से प्राप्त आवेदनों के निराकरण की अद्यतन स्थिति,जन विश्वास शिविरों के अंतर्गत विभागों द्वारा की गई कार्यवाही,अविवादित नामांतरण,बटवारा तथा भूमि के सीमांकन की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में ए ग्रेड प्राप्त करने पर अधिकारियों का किया सम्मान
--
बैठक में माह जुलाई 2026 में सीएम हेल्पलाइन के तहत प्राप्त शिकायतों के निराकरण की मासिक ग्रेडिंग में ए ग्रेड प्राप्त करने पर कलेक्टर श्री साकेत मालवीय द्वारा अधिकारियों का सम्मान किया गया। इस दौरान उन्होंने एसडीएम अशोकनगर श्री इसरार खान,जिला शिक्षा अधिकारी मधु शर्मा,प्रबंधक ई-गर्वेनेंस पुष्पेन्द्र शर्मा,जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास चन्द्रसेना भिडे,प्रभारी खनिज अधिकारी वीरेन्द्र वर्मा तथा सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण शिवप्रताप सिंह रघुवंशी को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन,अपर कलेक्टर श्री डी.एन.सिंह,संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सोनम जैन,श्री आर.बी.सिण्डोस्कर, श्री विकास कुमार आनंद,एसडीएम अशोकनगर श्री इसरारा खान सहित जिला अधिकारीगण उपस्थित रहे।
#ashoknagar