*प्रभारी मंत्री श्री नितीश मिश्रा ने बाढ़ राहत शिविरों का किया निरीक्षण*
भागलपुर, दिनांक 13 सितंबर 2026:- भागलपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री नितीश मिश्रा द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों में आपदा एवं बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति तथा जिला प्रशासन द्वारा संचालित राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया गया।
प्रभारी मंत्री द्वारा बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए संचालित राहत शिविरों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया तथा प्रभावित लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की गई। इस क्रम में उन्होंने बरारी, पॉलिटेक्निक कॉलेज तथा सीटीएस, नाथनगर स्थित राहत शिविरों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने राहत शिविरों में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए की गई व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से सामुदायिक रसोई (कम्युनिटी किचन) के संचालन, भोजन की गुणवत्ता एवं नियमितता, पेयजल, चिकित्सा एवं दवा की उपलब्धता, स्वास्थ्य शिविरों के संचालन, अस्थायी रूप से संचालित विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे दूध एवं अन्य पोषण संबंधी सुविधाओं तथा पशुओं के लिए चारा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
प्रभारी मंत्री ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ राहत शिविरों में रह रहे प्रभावित लोगों को किसी भी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए। शिविरों में भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य, दवा, स्वच्छता, बच्चों की शिक्षा एवं पोषण सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि राहत शिविरों में आवश्यक वस्तुओं एवं सुविधाओं की उपलब्धता की नियमित समीक्षा की जाए तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल अतिरिक्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस दौरान जगदीशपुर एवं नाथनगर के अंचल अधिकारियों (सीओ) को भी निर्देश दिया गया कि राहत शिविरों में किसी भी आवश्यक सुविधा की कमी नहीं होनी चाहिए। प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान देते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रभारी मंत्री ने राहत शिविरों में रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी एवं सुझाव भी प्राप्त किए। प्रभावित लोगों द्वारा शिविरों में उपलब्ध भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में अपनी जानकारी एवं सुझाव साझा किए गए।
प्रभारी मंत्री श्री नितीश मिश्रा ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता एवं राहत उपलब्ध कराने के लिए समुचित व्यवस्था की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की निरंतर निगरानी की जा रही है तथा प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।
जिला जन-सम्पर्क कार्यालय,
भागलपुर।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Disaster Management Department Govt. of Bihar
Bhagalpur Police
9 views | Bhagalpur, Bihar | Sep 13, 2026