➡️ धान की पराली प्रबंधन एवं नरवाई जलाने से रोकने हेतु कृषक जागरूकता कार्यक्रम
सागर 24 नवंबर 2026
बीना विकासखंड के ग्राम रावाभाई भापसोन में धान की पराली के उचित प्रबंधन एवं नरवाई जलाने से होने वाले नुकसान के प्रति किसानों को जागरूक करने हेतु विशेष कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रगतिशील किसान श्री साहबराज यादव, आशीष जैन, विनोद राजपूत, राजेंद्र राजपूत, राजधर शिवम पटेल सहित अनेक कृषकों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर किसानों को धान की पराली एवं नरवाई के उचित प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही किसानों को बेलार मशीन कृषि यंत्रों का प्रदर्शन कर बताया गया कि किस प्रकार आधुनिक बेलर मशीनों का उपयोग करके पराली का उचित प्रबंधन किया जा सकता है तथा खेत की मिट्टी की उर्वरा शक्ति एवं भूमि की गुणवत्ता को सुरक्षित रखा जा सकता है।
किसानों को कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी भी दी गई। कृषक विनोद राजपूत एवं अन्य किसानों ने मशीनों के प्रदर्शन में विशेष रुचि दिखाई और पराली प्रबंधन के आधुनिक तरीकों को अपनाने के प्रति सकारात्मक उत्साह व्यक्त किया।
बीना विकासखंड के कृषि विभाग के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अवधेश राय द्वारा किसानों को जागरूक करते हुए अपील की गई कि कोई भी किसान अपने खेत में नरवाई अथवा धान की पराली न जलाए। इसके स्थान पर आधुनिक कृषि यंत्रों एवं वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करें।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को जागरूक कर पर्यावरण संरक्षण, मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बनाए रखने तथा खेतों की भूमि को आग से होने वाले नुकसान से बचाना है, ताकि आने वाले समय में किसान पराली जलाने की प्रथा को पूरी तरह छोड़कर टिकाऊ एवं लाभकारी खेती की दिशा में आगे बढ़ सकें।
#jansamparkMP #sagar