➡️ विश्व धरोहर सप्ताह पर ऐतिहासिक स्थल एरण में हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया
सागर 22 नवंबर 2026
विश्व धरोहर सप्ताह (18 से 25 नवंबर) के उपलक्ष्य में रविवार, 22 नवंबर को ऐतिहासिक पुरास्थल एरण में हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति तथा सागर ट्रैकर्स एंड एडवेंचर ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्री रवीश श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर हेरिटेज वॉक के दल को रवाना किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन एवं विद्यार्थियों को एरण के ऐतिहासिक महत्व और गुप्तकालीन धरोहरों के प्रति जागरूक करना था। हेरिटेज वॉक का संचालन सागर ट्रैकर्स के संस्थापक श्री अतुल बहेरिया ने किया। उन्होंने दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), मकरोनिया के प्राचार्य श्री जे.जे. थॉमस, विद्यालय के लगभग 100 विद्यार्थियों एवं सागर ट्रैकर्स समूह के सदस्यों को एरण की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत तथा गुप्तकालीन अवशेषों के महत्व की विस्तृत जानकारी दी।
हेरिटेज वॉक में सागर ट्रैकर्स ग्रुप के श्री नीरज जैन, शैलेश बानाशाह, हिमांशु अग्रवाल, समीर जैन, शरद पोद्दार, अंशुमान अग्रवाल, शैलेंद्र सैनी, हर्ष जैन, अमिता बहेरिया सहित बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
#sagar #jqnsamparkMP