➡️ अत्यधिक मदिरा सेवन करने वाले व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं काउंसलिंग जारी
सागर, 23 नवंबर 2026
कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव के आदेशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया एवं सहायक आयुक्त आबकारी श्रीमती वंदना पांडे के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अत्यधिक एवं आदतन मदिरा सेवन करने वाले व्यक्तियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं काउंसलिंग की कार्रवाई की जा रही है।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों सागर शहर, देवरी, रहली, बीना एवं खुरई में संयुक्त टीम द्वारा अभियान चलाकर कुल 97 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान संबंधित व्यक्तियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं आवश्यक समझाइश दी गई।
कलेक्टर के निर्देशानुसार अत्यधिक मदिरा सेवन करने वाले व्यक्तियों को जागरूक करने, उनके स्वास्थ्य की जांच करने तथा आवश्यक उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
#sagar #jansamparkMP