रामदेवरा पैदल यात्रियों के लिए महेश्वरी सेवा समिति का 41वां सात दिवसीय सेवा शिविर
बीकानेर। महेश्वरी सेवा समिति, जस्सूसर गेट के सदस्यों द्वारा रामदेवरा जाने वाले पैदल जातरुओं की सेवा के लिए लगातार 41वें वर्ष सात दिवसीय सेवा शिविर लगाया गया है। बीकानेर से करीब 80 किलोमीटर दूर नया गांव के पास स्थित चमत्कारी रामदेव जी मंदिर के समीप यह शिविर 9 सितंबर से पैदल यात्रियों की सेवा में निरंतर संचालित किया जा रहा है।
समिति कार्यकारिणी सदस्य विष्णु चांडक ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शिविर में पैदल यात्रियों के लिए चाय, कॉफी, नाश्ते के साथ गर्मी को देखते हुए ठंडी छाछ की व्यवस्था की गई है। यात्रियों के लिए मेडिकल सुविधा के साथ सुबह से देर रात तक भोजन की भी व्यवस्था की जा रही है।
समिति कार्यकारिणी सदस्य मोहित करनानी एवं लक्ष्मी नारायण बिहानी ने बताया कि आज बाबा की बीज तिथि (जन्मदिवस) के अवसर पर शिविर स्थल स्थित बाबा के दरबार को विशेष रूप से सजाया गया। समिति सदस्यों ने बाबा की विशेष ज्योत की, जिसमें शिविर में मौजूद पैदल यात्रियों ने भी भाग लेकर बाबा के दर्शन का लाभ लिया।
शिविर के पांचवें दिन नियमित सेवा व्यवस्थाओं के साथ पैदल यात्रियों के लिए विशेष रूप से फास्ट फूड एवं छाछ की स्टॉल भी लगाई गई। यात्रियों ने इन सेवाओं का भरपूर लाभ उठाया।
महेश्वरी सेवा समिति से जुड़े माहेश्वरी समाज के सामाजिक संवाददाता पवन कुमार राठी ने बताया कि सात दिवसीय शिविर में समिति के सदस्य उमाशंकर राठी उर्फ मन्नू जी, लक्ष्मी नारायण बिहानी, नारायण डागा, आनंद चांडक, बजरंग कोठारी, मोहित करनानी, दाऊ कोठारी, हरि भगवान चौधरी, कमल राठी, विष्णु चांडक, राम चांडक, दुर्गादास राठी, मुन्ना बिहानी, दुलीचंद स्वामी एवं प्रेम कोठारी सहित अनेक सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
वहीं, आज बीकानेर से शिविर में पहुंचे कुशाल (राम) चांडक, गर्व बिहानी, विकास खत्री, प्रिया चांडक, वर्षा राठी, वंशिका चांडक, पवन कुमार राठी, प्रेरणा राठी, रितु राठी, लक्षिता राठी एवं दिव्या करनानी ने कार्यकर्ताओं के रूप में पैदल यात्रियों की सेवा करते हुए सेवा का लाभ प्राप्त किया।
समिति सदस्यों ने बताया कि रामदेवरा जाने वाले पैदल यात्रियों की सेवा का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा।