*अवैध हथियार रखने वालों की हिसार पुलिस में कोई जगह नहीं—12 क्वार्टर चौकी पुलिस ने 6 खतरनाक तेजधार हथियारों सहित आरोपी दबोचा*
*महाबीर कॉलोनी में कार्रवाई, आरोपी के कब्जे से 2 छुरियां, 2 बरछे व 2 चांदनुमा खतरनाक हथियार बरामद*
हिसार, 15 सितम्बर । पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में हिसार पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना HTM की 12 क्वार्टर चौकी पुलिस ने महाबीर कॉलोनी हिसार में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 6 खतरनाक तेजधार हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रवीन उर्फ घोलू पुत्र अमरनाथ, निवासी पीर बाबा वाली गली, महाबीर कॉलोनी हिसार के रूप में हुई है।
*मंदिर के अंदर बैडशीट में छिपाकर रखे थे हथियार*
12 क्वार्टर चौकी पुलिस प्रभारी ASI राकेश कुमार ने बताया की उनकी टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि प्रवीन उर्फ घोलू ने अपने घर के सामने बने मंदिर के अंदर अवैध तरीके से तैयार किए गए तेजधार हथियार बैडशीट में लपेटकर छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी वहां से तेज कदमों से जाने लगा, जिसे पुलिस कर्मचारियों की सहायता से काबू कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम प्रवीन उर्फ घोलू बताया। पुलिस टीम द्वारा मौके पर एक स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में बैडशीट खोलकर जांच की गई तो उसके अंदर से 2 तेजधार लोहे की छुरियां, 2 तेजधार बरछे तथा 2 चांदनुमा खतरनाक हथियार बरामद हुए।
*बरामद हथियारों का विवरण*
पुलिस द्वारा बरामद किए गए हथियारों को कब्जे में लेकर नियमानुसार सीजर मेमो तैयार किया गया तथा सभी हथियारों को अलग-अलग पैक करके सील किया गया।
• 2 तेजधार लोहे की छुरियां
• 2 तेजधार बरछे
• 2 चांदनुमा खतरनाक हथियार
बरामद हथियारों को पुलिस कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ धारा 25-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत थाना HTM हिसार में अभियोग दर्ज किया गया है।
*एसपी हिसार का सख्त संदेश*
पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि अवैध हथियार रखना और उनका इस्तेमाल कर समाज में भय का माहौल पैदा करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हिसार पुलिस द्वारा ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अपराध की नीयत से अवैध हथियार रखने वाले व्यक्ति यह भ्रम न पालें कि वे पुलिस की नजरों से बच सकते हैं। हिसार पुलिस की टीमें ऐसे तत्वों पर लगातार नजर रख रही हैं और अवैध हथियारों की बरामदगी एवं अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से भी अपील की कि यदि किसी व्यक्ति के पास अवैध हथियार होने या किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त होने की जानकारी है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Uklana, Hissar | Sep 15, 2026