ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर डेढ़ करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड मामले में पंचकूला पुलिस ने 12वें आरोपी को जयपुर से किया काबू, आरोपी 4 दिन के पुलिस रिमांड पर
पंचकूला/ 15 सितंबर:- साइबर अपराधियों द्वारा ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर लोगों की मेहनत की कमाई हड़पने के मामलों में पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार पंचकूला पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में साइबर क्राइम थाना टीम ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी साइबर ठगी की रकम मंगवाने के लिए बैंक खातों का इस्तेमाल करने तथा कमीशन प्राप्त करने में शामिल था।
साइबर क्राइमं थाना टीम ने 10.10.2024 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 318(4), 336(2), 338, 340, 61 के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी सुरेश भादू निवासी जिला बीकानेर, राजस्थान, उम्र 27 वर्ष को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 14 सितंबर 2026 को जयपुर से काबू किया गया। आरोपी को आज कोर्ट में पेश कर 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। मामलें की जांच सब इंस्पेक्टर भूप सिंह द्वारा की जा रही है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार इस मामले में पंचकूला निवासी शिकायतकर्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, नवंबर 2023 में टेलीग्राम के माध्यम से ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने पर भारी मुनाफे का झांसा दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता को ट्रेडिंग एप डाउनलोड करवाकर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाए गए। शुरुआत में एप पर मुनाफा दिखाया गया और कुछ रकम निकलवाने के बाद शिकायतकर्ता को विश्वास हो गया। बाद में पैसे निकालने के लिए 30 प्रतिशत टैक्स जमा करवाने की मांग की गई। इस प्रकार शिकायतकर्ता से करीब 1.50 करोड़ रुपये की ठगी की गई।
इस मामलें में पुलिस द्वारा राजेश कुमार, आकिब अली उर्फ शेरू, आकाश, विशाल कुमार, मोनू उर्फ मोहम्मद असरफ, संदीप कुमार सिंह, ऋषभ वैश्य, अनुपम कुमार सिंह, आकाश गुप्ता, अनिल खुडखुड़िया तथा श्यामलाल को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस कमिश्नर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि ऑनलाइन ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे के लालच में आकर किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे जमा न करवाएं। किसी भी संदिग्ध ट्रेडिंग एप या लिंक पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं।
Uklana, Hissar | Sep 15, 2026