मिशन क्राइम एंड एनक्रोचमेंट फ्री पंचकूला: सेक्टर 20/21 डिवाइडिंग रोड के किनारे चला बुलडोजर, पंचकूला पुलिस ने एचएसवीपी के सहयोग से अवैध दुकानें, रेहड़ियां व झुग्गियां हटाकर सरकारी जमीन कराई गई अतिक्रमण मुक्त
पंचकूला/ 15 सितंबर :- पंचकूला को सुरक्षित, व्यवस्थित और अपराध मुक्त बनाने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन द्वार कुछ माह पहले क्राइम एंड एनक्रोचमेंट फ्री पंचकूला अभियान की शुरुआत की गई थी। इस अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों, मुख्य सड़कों और सरकारी जमीनों पर अवैध रूप से किए गए कब्जों और अस्थायी ठिकानों पर कड़ा रुख अपनाया जा रहा है।
इसी कड़ी में डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के निर्देशानुसार पंचकूला पुलिस की विभिन्न इकाइयों ने एसीपी ट्रैफिक सुरेन्द्र सिंह की अगुवाई में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सहयोग से सेक्टर 20/21 डिवाइडिंग रोड के पास बने अवैध कब्जों पर कार्रवाई की। इस दौरान सरकारी भूमि पर बिना किसी अनुमति के लगाई गई अवैध दुकानों, रेहड़ियों और झुग्गियों को बुलडोजर की सहायता से पूरी तरह ध्वस्त कर हटा दिया गया और जमीन को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने स्पष्ट किया कि पंचकूला की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नागरिकों का अमन-चैन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कुछ माह पहले भी जिले के कई स्थानों को इसी अभियान के तहत अतिक्रमण मुक्त कराया गया था। हाल ही में सेक्टर 20/21 के पास अतिक्रमण की सूचना संज्ञान में आते ही यह सख्त कदम उठाया गया। पुलिस कमिश्नर ने जोर देकर कहा कि बिना किसी वैध पहचान या दस्तावेज के सार्वजनिक स्थानों और सड़कों के किनारे अवैध ठिकाने बनाकर रहना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह शहर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती बन सकता है। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Uklana, Hissar | Sep 15, 2026