छठ पूजा में सामानों की खरीदारी को लेकर शनिवार को बछवाड़ा प्रखंड अंतर्गत विभिन्न बाजारों में चहल-पहल देखी गई और लोगों ने खरीदारी की। हालांकि, पिछले साल के मुकाबले फलों और डाला-सूप के दाम 25 से 40%तक वृद्धि हुई हैं। इसके बावजूद बढ़ती महंगाई पर आस्था भारी दिखा।
छठ पर्व के दूसरे दिन शनिवार संध्या श्रद्धा-भाव और विधि-विधान अनुकूल खरना पूजा की गई। इसके बाद कल रविवार को डूबते सूर्य और 16 तारीख को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। छठ व्रती निर्जला उपवास रखकर इस पावन पर्व को करते हैं।
बछवाड़ा के चौक-चौराहों, गांवों, दुकानों और स्टेशन समेत कई जगहों पर छठी मैया के गीत बजाने से पूरा इलाका भक्तिमय हो गया है।
छठ पूजा को लेकर बाजारों में सेब 140 से 150 रुपए किलो, अनार 200 रुपए किलो, संतरा 80 से 100 रुपए किलो और नाशपाती 140 रुपए किलो, ओल 30 से 40 रुपए किलो, नारियल 100 रुपए में दो पीस, अनानास 40 रुपए प्रति पीस और शरीफा 150 रुपए किलो बिका।
तो वहीं डाला 300 से 400 रुपए और छीता 150 से 200 रुपए एवं सूप 150 से 200 रुपए तक में बिके हैं। बढ़ती महंगाई के बीच मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों के लोगों ने कई सामान कम मात्रा में खरीदारी कर आस्था के साथ पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि महंगाई के कारण जेब पर असर पड़ा है। छठ पूजा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बछवाड़ा थाना क्षेत्र के अलग-अलग चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात है।
Bachhwara, Begusarai | Nov 14, 2026