नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा की शुरुआत हो चुकी है। पिछले तीन दिनों से शुक्रवार दोपहर तक मिथिलांचल की पावन भूमि नारेपुर झमटिया गंगा घाट पर करीब 5 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया और घाट स्थित मंदिरों में पूजा-अर्चना कर गंगाजल लेकर अपने-अपने घरों को लौटे। आज स्नान के बाद छठव्रती धार्मिक अनुष्ठान करते हुए अरवा चावल, चना दाल और कद्दू की सब्जी ग्रहण किए। इसके बाद निर्जला व्रत रखकर कल खरना करेंगे और 15 तारीख को संध्या अर्घ्य और 16 तारीख को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इस घाट पर दरभंगा, समस्तीपुर, रोसड़ा, सिंघिया, दलसिंहसराय और बछवाड़ा प्रखंड के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु आते हैं। पिछले तीन दिनों में अत्यधिक भीड़ बढ़ने से राष्ट्रीय राजमार्ग 28 सहित विभिन्न सड़कों पर यातायात अस्त-व्यस्त रहा। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था और आवागमन सुचारू के लिए बछवाड़ा पुलिस के जवान तैनात रहे। साथ ही, स्थानीय लोगों ने भी आवाजाही अवरुद्ध न हो इस पर पहल करते हुए विभिन्न सड़कों पर जाम समाप्त कराया। तो वहीं गंगा घाटों पर नाविक नावों के साथ मुस्तैद रहे, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। प्रखंड में 18 खतरनाक घाट समेत 33 से ज्यादा घाटों पर छठ पूजा होगी। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर के पुजारी बैद्यनाथ मिश्र ने बताया कि नहाय-खाय के साथ छठ पूजा शुरू हो गई है। श्रद्धालु गंगा स्नान कर मंदिरों में पूजा के बाद गंगाजल लेकर घरों को लौटे। उन्होंने कहा कि नारेपुर झमटिया गंगा घाट को लेकर मान्यता है कि यहां सच्चे मन से अर्जी लगाने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
Bachhwara, Begusarai | Nov 13, 2026