मुख्य अभियंता ने नए पावर सबस्टेशनों का किया निरीक्षण, जल्द चालू करने का दिया निर्देश
जहानाबाद : जिले के विद्युत आपूर्ति तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में शुक्रवार को बिजली विभाग के मुख्य अभियंता राजकुमार प्रसाद ने विभिन्न विद्युत परियोजनाओं एवं कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लालसे बीघा एवं पंड्यू में निर्माणाधीन पावर सबस्टेशन (पीएसएस) का जायजा लिया और संवेदक तथा विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोनों पावर सबस्टेशनों को जल्द से जल्द चालू कर आम उपभोक्ताओं को इसका लाभ उपलब्ध कराया जाए।निरीक्षण के बाद मुख्य अभियंता जहानाबाद पावर सबस्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने उपभोक्ताओं से प्राप्त होने वाली बिजली संबंधी शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत कल्पा गांव में लगाए जा रहे सोलर संयंत्र का भी निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने पर बल दिया।
कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य अभियंता ने सभी अधिकारियों से उनके कार्यक्षेत्र की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि ट्रांसफार्मर जलने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं तथा जिले के सभी उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान कार्यपालक अभियंता नंदलाल चौधरी, सहायक विद्युत अभियंता प्रमोद कुमार निराला, सहायक विद्युत अभियंता मखदुमपुर पप्पू कुमार सहित बिजली विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।