भलूनी भवानी धाम में फिर होगा भव्य श्रृंगार, विधायक आलोक सिंह ने सोनार से कराई आभूषणों की नापी
भालूनी धाम मंदिर में चोरी की घटना के बाद दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह ने माँ यक्षिणी भवानी के श्रृंगार को लेकर बड़ी पहल की है। विधायक ने मंदिर में चोरी हुए सभी आभूषणों को नए सिरे से बनवाकर माँ के श्रीचरणों में पुनः स्थापित कराने का संकल्प लिया है। रविवार को विधायक आलोक कुमार सिंह सोनार एवं कारीगरों के साथ ग्राम भलूनी स्थित माँ यक्षिणी भवानी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने माँ के मुकुट, झुमका, बाघ की आंख, नथिया, झूमर सहित चोरी हुए सभी आभूषणों की बारीकी से नापी कराई। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द सभी आभूषण नए सिरे से तैयार कराए जाएंगे और माँ का भव्य श्रृंगार पुनः स्थापित होगा। विधायक ने कहा कि माँ का एक-एक आभूषण और चोरी हुई प्रत्येक वस्तु नए सिरे से बनवाकर मंदिर में स्थापित की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं को भरोसा दिलाते हुए कहा, "यहां माँ का सेवक आलोक सिंह मौजूद है। माँ का सामान चोरी हो जाए और उनका सेवक चुपचाप बैठा रहे, ऐसा कभी नहीं हो सकता। मेरे रहते माँ यक्षिणी भवानी का दरबार सूना नहीं रहेगा। माँ का श्रृंगार फिर से होगा, पहले से भी सुंदर और भव्य होगा। उन्होंने प्रशासन से इस घटना में शामिल अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार करने और चोरी हुए आभूषणों की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही कहा कि इस घटना को किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। विधायक ने कहा कि माँ का आशीर्वाद है, तभी आलोक सिंह है। माँ हैं, तभी हम हैं। माँ ने जब अपना सेवक बनाया है, तो उनकी सेवा, सम्मान और मंदिर की गरिमा की रक्षा करना उनका दायित्व है। Alok Singh Amit Rai Pawan Singh