#बलरामपुर की बेटियों ने दिल्ली में लहराया परचम: तुलसीपुर की चार छात्राओं ने राष्ट्रपति मुर्मू को बांधी राखी, कविता सुन मिला विशेष बैज
#बलरामपुर। सीमावर्ती अंचल स्थित आदिशक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल, तुलसीपुर की मेधावी छात्राओं के लिए इस वर्ष का रक्षाबंधन पर्व स्वर्णिम यादों में दर्ज हो गया। विद्यालय की चार प्रतिभावान छात्राओं—प्रस्तुति गुप्ता, प्रगति पाठक, हर्षिता यादव और अनुष्का पांडेय—ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन पहुंचकर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को रक्षासूत्र बांधा और उनका स्नेहपूर्ण आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस विशेष एवं गरिमामय अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. डी.पी. सिंह तथा अध्यापिका अनीता गुप्ता भी छात्राओं के साथ मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति ने बच्चों से संवाद कर कुछ प्रश्न पूछे। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत की गई मधुर और सुंदर कविता से प्रभावित होकर राष्ट्रपति ने प्रसन्नता व्यक्त की और सभी को विशेष बैज प्रदान कर सम्मानित किया।
सुदूर ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति से मिलने और सम्मान पाने का यह अवसर न केवल विद्यालय परिवार, बल्कि संपूर्ण बलरामपुर जनपद के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है।
#balrampur #dmbalrampur