#बलरामपुर_पुलिस_अलर्ट: रक्षाबंधन पर बाजार से लेकर चौराहों तक सुरक्षा का कड़ा पहरा, चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद एंटी रोमियो टीम
बलरामपुर। रक्षाबंधन के पर्व को जनपद में सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
त्योहार के मद्देनजर मुख्य बाजारों, राखी व मिठाई की दुकानों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। रक्षाबंधन पर बहनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एंटी रोमियो टीम, मिशन शक्ति और महिला बीट पुलिस की टीमों को सादे कपड़ों में भीड़भाड़ वाले इलाकों में तैनात रखा गया है। इसके अतिरिक्त संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और सर्राफा बाजारों के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
सड़कों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए प्रमुख चौराहों से अतिक्रमण हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जा रहा है। वहीं, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने के लिए सोशल मीडिया सेल को अलर्ट पर रखा गया है।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने जनपदवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि त्योहार को शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति एवं कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत डायल-112 पर देने का आग्रह किया गया है।
#balrampur #balrampurpolic
Balrampur, Balrampur | Aug 28, 2026